स्कूटी से ही ले जा रहा था 220 किलो स्क्रैप लोहा, CISF ने दबोचा, साथी फरार
भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) में स्क्रैप लोहा चोरी करने के मामले में भिलाई भट्ठी पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी प्लांट की दीवारफांदकर अपने साथियों के साथ अंदर घुसा था और 220 किलो स्क्रैप लोहा चोरी कर स्कूटी से ले जा रहा था। इस दौरान केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की टीम ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का स्क्रैप, स्कूटी और मोबाइल फोन जब्त किया है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
सीआईएसएफ की ओर से 1 जुलाई को थाना भिलाई भट्ठी में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया कि 30 जून की रात करीब 8 बजे भिलाई स्टील प्लांट के केनाल गेट के पास बिना नंबर की स्कूटी में दो लोग 220 किलो स्क्रैप लोहा लेकर जा रहे थे।
गश्त पर मौजूद सीआईएसएफ की क्यूआरटी टीम ने उन्हें रोकने की कोशिश की। टीम को देखकर स्कूटी के पीछे बैठा युवक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला। वहीं स्कूटी चला रहे युवक को जवानों ने पकड़ लिया। उसके पास से चोरी किया गया स्क्रैप लोहा भी बरामद हुआ।
अपने साथियों के साथ प्लांट के अंदर गया था आरोपी
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सोनू
नायक (25) निवासी सेक्टर-5, भिलाई बताया। उसने पुलिस को बताया कि वह अपने कुछ साथियों के साथ प्लांट की दीवार फांदकर अंदर घुसा था और वहां से स्क्रैप लोहा चोरी कर बाहर ला रहा था।
आरोपी ने चोरी की वारदात में शामिल होने की बात भी स्वीकार की। शिकायत मिलने के बाद भिलाई भट्ठी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
स्कूटी में ले जा रहा था 220 किलो लोहा
जांच के दौरान आरोपी के कब्जे से 220 किलो स्क्रैप लोहा, घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी और एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया गया। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब 52,500 रुपए बताई गई है। आरोपी स्कूटी में ही यह लोहा लेकर जा रहा था।पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं, इस मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि उनकी पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
