Wednesday, July 1, 2026

10 घंटे में तीन चोरी की वारदातों का खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार

भिलाई : न्यूज़ 36 : उतई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र में हुई तीन अलग-अलग चोरी की वारदातों का महज 10 घंटे के भीतर खुलासा कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए तीनों मोटर पंप और केबल वायर सहित कुल 37 हजार रुपये मूल्य का मशरुका बराम कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 26 और 27 जून 2026 के बीच ग्राम पुरई क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने अलग-अलग स्थानों से मोटर पंप और केबल वायर चोरी कर लिए थे। मामले में थाना उतई में अपराध क्रमांक 334/2026, 335/2026 एवं 336/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की गई।

घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थलों का निरीक्षण कर तकनीकी साक्ष्य जुटाए, मुखबिरों को सक्रिय किया और संदिग्धों से पूछताछ की। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने मात्र 10 घंटे के भीतर चोरी की तीनों वारदातों का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चेतन लाल ओझा (26 वर्ष), शंकर साहू (24 वर्ष), सन्नी राजपूत (21 वर्ष), कृष राजपूत (19 वर्ष) और दुष्यंत साहू (24 वर्ष) निवासी शिवपारा, ग्राम पुरई, थाना उतई के रूप में हुई है।पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने आर्थिक लाभ कमाने की नीयत से सुनसान स्थानों पर लगे मोटर पंप और केबल वायर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों के कब्जे से एक फ्लो कंपनी का सबमर्सिबल मोटर पंप, एक लुबी कंपनी का सबमर्सिबल मोटर पंप एवं केबल वायर तथा एक डीप बोर मोटर पंप और केबल वायर बरामद किया गया। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 37 हजार रुपये बताई गई है।

चोरी की घटनाएं ग्राम पुरई के शिवपारा वार्ड क्रमांक-18 स्थित एक मकान के पीछे, मदन ईंट भट्टी के पीछे स्थित खेत तथा उतई मेन रोड स्थित एक पोल्ट्री फार्म में हुई थीं।

पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से घरों, खेतों और कृषि उपकरणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानी बरतने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस या डायल-112 को देने की अपील की है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news