Thursday, July 2, 2026

सेक्टर-9 अस्पताल बचाओ’ अभियान : निजीकरण के विरोध में 14 जुलाई को प्रदर्शन

भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई इस्पात संयंत्र के सेक्टर-9 अस्पताल के संभावित निजीकरण के विरोध में संयुक्त ट्रेड यूनियनों ने अपना आंदोलन तेज कर दिया है। गुरुवार को अस्पताल के विभिन्न वार्डों में पर्चे वितरित कर मरीजों, कर्मचारियों और आम लोगो को अस्पताल की उपयोगिता तथा निजीकरण के संभावित दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया। यूनियनों ने 14 जुलाई को शाम 6 बजे सेक्टर-9 अस्पताल के मुख्य द्वार पर आयोजित विशाल प्रदर्शन में अधिक से अधिक लोगों से शामिल होने की अपील की है।

संयुक्त ट्रेड यूनियनों ने कहा कि एम्स की स्थापना से पहले 850 बिस्तरों वाला सेक्टर-9 अस्पताल अविभाजित मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ का सबसे बड़ा एवं अत्याधुनिक अस्पताल था। वर्षों से यह अस्पताल केवल भिलाई इस्पात संयंत्र के कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मियों ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के लाखों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराता रहा है।

यूनियनों ने बताया कि कोरोना महामारी के बाद अस्पताल के प्रत्येक बिस्तर तक सीधे ऑक्सीजन की आपूर्ति की व्यवस्था की गई है। अस्पताल की अपनी ऑक्सीजन उत्पादन इकाई भी है, जिससे आपात स्थिति में भी मरीजों को निर्बाध ऑक्सीजन उपलब्ध कराई जा सकती है। कोरोना काल में भी अस्पताल ने मरीजों को लगातार ऑक्सीजन उपलब्ध कराकर अपनी उत्कृष्ट सेवा का परिचय दिया था।

संयुक्त ट्रेड यूनियनों के अनुसार, अस्पताल में सात मंजिला मुख्य भवन के अलावा तीन-तीन मंजिला तीन अन्य भवन, चेस्ट वार्ड, मनोरोग वार्ड सहित कई विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके साथ ही यहां का बर्न यूनिट देश के उत्कृष्ट बर्न उपचार केंद्रों में शामिल है, जहां गंभीर रूप से झुलसे मरीजों के इलाज के लिए आधुनिक उपकरण और प्रशिक्षित विशेषज्ञ मौजूद हैं।

यूनियनों ने यह भी बताया कि अस्पताल में आधुनिक लॉन्ड्री, मरीजों के लिए चिकित्सकीय आवश्यकता के अनुरूप भोजन तैयार करने हेतु बेस किचन सहित समग्र स्वास्थ्य देखभाल की बेहतर व्यवस्था है। उनका कहना है कि वर्षों की सार्वजनिक पूंजी और मेहनत से विकसित इस स्वास्थ्य धरोहर को निजी हाथों में सौंपना कर्मचारियों, सेवानिवृत्त कर्मियों, उनके परिवारों और आम जनता के हितों के खिलाफ होगा।
संयुक्त ट्रेड यूनियनों ने सभी कर्मचारियों, सेवानिवृत्त साथियों, उनके परिजनों तथा शहरवासियों से 14 जुलाई 2026 को शाम 6 बजे सेक्टर-9 अस्पताल के मुख्य द्वार पर आयोजित विशाल प्रदर्शन में शामिल होकर अस्पताल के निजीकरण के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news