भिलाई : न्यूज़ 36 : नशा मुक्ति अभियान के तहत दुर्ग पुलिस अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना पुरानी भिलाई पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर छापेमार कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 30 पौवा देशी मसाला शराब जब्त की है।
पुलिस के अनुसार 1 जुलाई 2026 को सूचना मिली थी कि भिलाई-03 स्थित बिजली नगर मैदान के खंडहर के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम सुरेश बारिक (36 वर्ष) निवासी लोधीपारा, खुर्सीपार, जिला दुर्ग बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास मौजूद कपड़े के थैले से 30 पौवा देशी मसाला शराब (कुल 5.400 बल्क लीटर) बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 3,000 रुपये है। पुलिस ने आरोपी से शराब रखने और बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वह कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका।
इसके बाद पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 331/2026 के तहत छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
दुर्ग पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब, मादक पदार्थ या किसी भी आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
