लंबे समय से फरार योगेश साहू गिरफ्तार, सुपेला पुलिस की बड़ी कार्रवाई
भिलाई : न्यूज़ 36 : शेयर ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे और निवेश की रकम दोगुनी करने का सपना दिखाकर करोड़ों रुपये की ठगी करने के आरोप में लंबे समय से फरार चल रहे ऐरिना कैपीटल के संचालक योगेश साहू को सुपेला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
15 लाख के निवेश से खुला करोड़ों के घोटाले का राज
पुलिस के मुताबिक, मैत्री विहार निवासी राजू नामदेव ने 8 जुलाई को शिकायत दर्ज कराई थी कि ऐरिना कैपीटल के संचालकों ने शेयर ट्रेडिंग में निवेश पर भारी मुनाफा और रकम दोगुनी करने का झांसा देकर उनसे 15 लाख रुपये निवेश कराए। शुरुआत में कुछ रकम लौटाकर भरोसा बनाया गया, लेकिन बाद में भुगतान पूरी तरह बंद कर दिया गया।
एक नहीं, कई निवेशक बने शिकार
जांच में सामने आया कि आरोपी और उसके साथियों ने इसी तरह कई निवेशकों से करोड़ों रुपये की ठगी की
है। बड़ी संख्या में पीड़ित पुलिस के पास शिकायत लेकर पहुंचे हैं। मामले में निवेश घोटाले का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
पहले से दर्ज हैं कई धोखाधड़ी के केस
पुलिस ने बताया कि योगेश साहू के खिलाफ थाना सुपेला और चौकी स्मृति नगर में पहले से भी धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं। इन मामलों में लगातार फरार चल रहे आरोपी को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया।
कहां चलता था ठगी का खेल ?
पुलिस के अनुसार, स्मृति नगर स्थित ऐरिना कैपीटल कार्यालय से निवेशकों को झांसे में लेकर करोड़ों रुपये का निवेश कराया जाता था। अधिक लाभ और रकम दोगुनी करने के वादे कर लोगों से पैसा वसूला जाता था।
आरोपी की पहचान
गिरफ्तार आरोपी योगेश साहू (35 वर्ष) ग्राम ग्राम खम्हरिया, थाना पाटन का निवासी है। वर्तमान में वह पामवुड रेसिडेंसी, कातुलबोर्ड, मोहन नगर, दुर्ग में रह रहा था।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
सुपेला थाना में अपराध क्रमांक 961/2026 के तहत धारा 318(2), 318(4) एवं 61(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
जांच अभी जारी
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है। ठगी की कुल राशि, अन्य पीड़ितों और आरोपी के साथ जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले संस्था की वैधानिकता और पंजीयन की जांच अवश्य करें। रकम दोगुनी, गारंटीड रिटर्न और अत्यधिक मुनाफे जैसे झांसों से बचें तथा किसी भी वित्तीय धोखाधड़ी की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
