Thursday, July 9, 2026

पूजा-पाठ और शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 85 लाख की ठगी, आरोपी इंदौर से गिरफ्तार

भिलाई : न्यूज़ 36 : पूजा-पाठ से पारिवारिक समस्याओं का समाधान, शेयर ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा और नौकरी दिलाने का झांसा देकर करीब 85 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को भिलाई नगर पुलिस ने मध्यप्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने रकम वापस मांगने पर पीडिता जान से मारने की धमकी देकर अवैध वसूली भी की।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता की मुलाकात वर्ष 2023 में रायपुर में आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान पवन बधोरिया से हुई थी। आरोपी ने पूजा-पाठ के जरिए पारिवारिक समस्याएं दूर करने का भरोसा दिलाया और बाद में शेयर ट्रेडिंग में निवेश कर मोटा लाभ दिलाने का लालच देकर अलग-अलग किस्तों में लगभग 85 लाख रुपये ले लिए।

करीब दो वर्ष बीतने के बाद भी न तो कोई लाभ मिला और न ही रकम वापस की गई। जब पीड़िता ने अपने पैसे लौटाने की मांग की तो आरोपी ने पहले नौकरी दिलाने का झांसा दिया और बाद में जान से मारने की धमकी देकर पैसे लौटाने से इंकार कर दिया। जांच के दौरान डरा-धमकाकर अवैध वसूली के तथ्य भी सामने आए।

पीड़िता की शिकायत पर थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 343/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता(बीएनएस) की धारा 318(4), 351(3) एवं 308(3) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरु की गई।

थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र वर्मा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी पवन बधोरिया (43 वर्ष) को इंदौर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से बैंक खाते से लिंक मोबाइल फोन और आधार कार्ड जब्त किए गए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस अब आरोपी के बैंक खातों और वित्तीय लेन-देन की विस्तृत जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस ठगी में और कौन-कौन शामिल है तथा कितने अन्य लोग इसके शिकार हुए हैं।

दुर्ग पुलिस की अपील :

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि पूजा-पाठ, तंत्र-मंत्र, शेयर ट्रेडिंग, नौकरी दिलाने या किसी भी तरह का आर्थिक लाभ दिलाने का झांसा देने वाले व्यक्तियों से सावधान रहें। बिना सत्यापन किसी को बड़ी धनराशि न दें और धोखाधड़ी की जानकारी तत्काल पुलिस या साइबर हेल्पलाइन को दें।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news