दर्दनाक सड़क हादसा,,फरार वाहन व चालक की तलाश कर रही पुलगांव पुलिस
दुर्ग : न्यूज़ 36 : दुर्ग जिले के पुलगांव थाना अंतर्गत नगपुरा चौकी क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरु कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घटना 7 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे ग्राम नगपुरा के कलेक्टर बाड़ी रोड पर उत्तम सतनामी के खेत के पास हुई। ग्राम टोला भेंड़सर निवासी हीरालाल देशमुख (43 वर्ष) ने पुलिस को सूचना दी कि वह अपने खेत जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने सड़क पर राजेश उर्फ होरीलाल यादव को मृत अवस्था में पड़ा देखा।
प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, मृतक की पीठ और सिर पर किसी भारी वाहन के चढ़ने के स्पष्ट निशान थे। हादसा इतना भीषण था कि सिर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था और मौके पर काफी खून फैला हुआ था। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची।
प्रार्थी की रिपोर्ट के आधार पर पुलगांव पुलिस ने अपराध क्रमांक 623/2026 दर्ज कर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस एवं धारा 184 मोटर वाहन अधिनियम के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरु कर दी है।
पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और फरार वाहन व चालक की तलाश जारी है।
