दुर्ग : न्यूज़ 36 : धमधा थाना क्षेत्र में अवैध सूदखोरी, चेक के दुरुपयोग और धमकी देने का मामला सामने आया है। प्रार्थिया की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
मुस्लिम पारा धमधा निवासी शहनाज बेगम (44 वर्ष) ने थाना में शिकायत दर्ज कराई कि नवंबर 2023 में पैसों की जरूरत पड़ने पर उन्होंने गंडई निवासी शोभा केशकर उर्फ निशा से 20 हजार रुपये 10 प्रतिशत ब्याज दर पर उधार लिया था। इस दौरान सुरक्षा के रूप में उन्होंने बैंक ऑफ बड़ौदा का एक कोरा चेक आरोपी को दिया था।
प्रार्थिया के अनुसार, उन्होंने लगभग 9 माह तक हर महीने 2 हजार रुपये ब्याज के रुप में चुकाए। बाद में आर्थिक स्थिति खराब होने पर कुछ समय तक ब्याज नहीं दे पाने पर आरोपी द्वारा गाली-गलौज और दबाव बनाया गया। इसके बाद जनवरी 2025 में आपसी समझौते के तहत 25 हजार रुपये देकर लेन-देन समाप्त करने की बात हुई और राशि भी दे दी गई।
इसके बावजूद आरोपी महिला ने चेक वापस नहीं किया और कथित तौर पर उसमें 1 लाख रुपये की राशि भरकर चेक बाउंस करा दिया। साथ ही वकील के माध्यम से नोटिस भेजकर और अधिक पैसे की मांग करते हुए कोर्ट में घसीटने की धमकी दी गई।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी अन्य लोगों के साथ भी इसी तरह सूदखोरी कर ठगी करती है।
मामले में धमधा पुलिस ने आरोपी शोभा केशकर उर्फ निशा के खिलाफ धारा 384 भादवि (जबरन वसूली) एवं छत्तीसगढ़ ऋणियों का संरक्षण अधिनियम 1937 की धारा 4 के तहत अपराध क्रमांक 0107/26 दर्ज कर विवेचना में लिया है।
