भिलाई : न्यूज़ 36 : दुर्ग पुलिस ने सूखे नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वैशाली नगर के दशहरा मैदान से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से अल्प्राजोलम 0.5 एमजी की 89 गोलियां और पांच-हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। पुलिस को सूचना मिली थी कि दशहरा मैदान क्षेत्र में दो व्यक्ति नशीली गोलियों की अवैध बिक्री कर रहे हैं। इसके बाद वैशाली नगर पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर विनोद तिवारी (45) और अमित नाग उर्फ भांचा (28) को पकड़ा। तलाशी में विनोद के पास से 59 गोलियां और तीन हजार रुपये, जबकि अमित से 30 गोलियां और दो हजार रुपये बरामद हुए। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गोलियों के स्रोत और कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
