दुर्ग : न्यूज़ 36 : यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर दुर्ग यातायात पुलिस सख्त हो गई है। पुलिस ने बीते 9 महीनों में लापरवाही से वाहन चलाने वाले कुल 781 चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने के लिए परिवहन विभाग को प्रस्ताव भेजा है।
यातायात पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत की जा रही है। जिन चालकों पर कार्रवाई हुई है उनमें शराब पीकर वाहन चलाना, तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाना, ट्रैफिक सिग्नल तोड़ना, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग करना और मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाना जैसे गंभीर उल्लंघन शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि ऐसे उल्लंघनों से सड़क हादसों का खतरा बढ़ जाता है और खुद चालक के साथ दूसरों की जान भी जोखिम में पड़ती है। इसलिए मोटर वाहन अधिनियम के तहत लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई की जा रही है।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि तय गति सीमा में वाहन चलाएं, शराब पीकर गाड़ी न चलाएं और मोबाइल का उपयोग बिल्कुल न करें।
