2 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग : न्यूज़ 36 : शेयर ट्रेडिंग में अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर प्रार्थी और उसके परिवार के 10 सदस्यों से 3 करोड़ 4 लाख 50 हजार रुपये अपने खातों में ट्रांसफर कराने और करीब 2 करोड़ 90 हजार रुपये वापस नहीं करने के मामले में सिटी कोतवाली दर्ग पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। शिकायत मिलने के कुछ ही घंटों में पुलिस ने आरोपी की पतासाजी कर उसे पुलिस अभिरक्षा में लिया और पूछताछ के बाद विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, प्रेम सागर चौक, वार्ड क्रमांक 06 बैगापारा दुर्ग निवासी कृष्ण कुमार चंद्राकर (56) ने 29 अगस्त 2026 को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी प्रकाश सिन्हा (32) ने अपनी शेयर ट्रेडिंग कंपनी संचालित करने और उसमें रकम निवेश करने पर अधिक मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाया था। आरोपी की बातों में आकर प्रार्थी और उसके परिवार के 10 सदस्यों ने निवेश के लिए रकम दी।
आरोपी ने 24 नवंबर 2021 से 13 जनवरी 2022 के बीच विभिन्न बैंक खातों से कुल 3,04,50,000 रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करवाए। इसमें से 1,03,60,000 रुपये वापस किए गए, लेकिन शेष 2,00,90,000 रुपये वापस नहीं किए गए। रकम वापस नहीं मिलने पर प्रार्थी ने पुलिस से शिकायत की शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली दुर्ग में अपराध क्रमांक 467/2026, धारा 420 भादवि के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु की गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल आरोपी की तलाश शुरू की और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने घटना में संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही और प्रकरण से जुड़े साक्ष्यों के संकलन के दौरान एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में वित्तीय लेन-देन सहित अन्य साक्ष्यों का संकलन जारी है।
ऐसे दिया धोखे को अंजाम : आरोपी ने शेयर ट्रेडिंग मेंभारी मुनाफे का भरोसा दिलाकर परिवार के सदस्यों को निवेश के लिए तैयार किया। अलग-अलग बैंक से रकम अपने खातों में ट्रांसफर कराने के बाद कुछ रकम वापस की गई, जबकि बड़ी राशि वापस नहीं की गई।
दुर्ग पुलिस की अपील: पुलिस ने नागरिकों से शेयर ट्रेडिंग, ऑनलाइन निवेश अथवा किसी वित्तीय योजना में पैसा लगाने से पहले संबंधित व्यक्ति और कंपनी की विश्वसनीयता की जांच करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि अधिक मुनाफे के लालच में बिना सत्यापन किसी खाते में रकम ट्रांसफर न करें और संदिग्ध वित्तीय लेन-देन की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
