दुर्ग : न्यूज़ 36 : बेटी की शादी के लिए जीपीएफ (GPF) से अपनी ही जमा राशि निकालने की प्रक्रिया पूरी कराने के नाम पर रिश्वत मांगना सिंचाई विभाग के एक कर्मचारी को भारी पड़ गया। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने आरोपी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
GPF निकालने के एवज में मांगे 10 हजार रुपये
जानकारी के अनुसार, सिंचाई विभाग की विद्युत यांत्रिकी शाखा में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 शिव कुमार ठाकुर ने विभाग के ही बाबू नंद कुमार कावडे से जीपीएफ खाते से 5 लाख रुपये निकालने की प्रक्रिया पूरी कराने के एवज में 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता ने बेटी की शादी के लिए यह राशि निकालने का आवेदन किया था।
शिकायत मिलते ही ACB ने बिछाया जाल
रिश्वत की मांग से परेशान कर्मचारी ने एसीबी से शिकायत की। शिकायत का सत्यापन होने के बाद निरीक्षक सुरेश सोनी के नेतृत्व में रायपुर से पहुंची 15 सदस्यीय टीम ने दुर्ग में ट्रैप की कार्रवाई की।
सर्किट हाउस में रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
एसीबी की टीम ने दुर्ग के सर्किट हाउस में जाल बिछाया। जैसे ही शिव कुमार ठाकुर ने शिकायतकर्तासे 10 हजार रुपये की रिश्वत ली, टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ पकड़ लिया।
पूछताछ जारी, होगी वैधानिक कार्रवाई
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
भ्रष्ट कर्मचारियों में मचा हड़कंप
एसीबी की इस कार्रवाई से सरकारी विभागों में हड़कंप मच गया है। रिश्वतखोरी के खिलाफ लगातार हो रही कार्रवाई से भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट संदेश मिला है कि अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
