दुर्ग : न्यूज़ 36 : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय, दुर्ग में मंगलवार को पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त होने वाले सात अधिकारी एवं कर्मचारियों के सम्मान और विदाई समारोह का आयोजन गरिमामय वातावरण में किया गया। इस अवसर पर विभाग ने उनके दीर्घकालीन योगदान को याद करते हुए सम्मानपूर्वक विदाई दी।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल द्वारा सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों एवं उनके परिजनों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया तथा शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने 35 से 45 वर्षों के सेवाकाल के अनुभव साझा किए और पुलिस सेवा में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा तथा जनसेवा के महत्व पर प्रकाश डाला।
वक्ताओं ने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का दायित्व है। सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने अनुभवों के माध्यम से युवा पुलिसकर्मियों को ईमानदारी, समर्पण और कर्तव्यपरायणता के साथ कार्य करने का संदेश दिया।
समारोह में पुलिस विभाग की ओर से सभी सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों के दीर्घकालीन योगदान की सराहना की गई तथा उनके स्वस्थ, सुखमय और उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारी :
उप निरीक्षक शिवनारायण सिंह
उप निरीक्षक दीनदयाल वर्मा
सहायक उप निरीक्षक नरेन्द्र कुमार सोनी
सहायक उप निरीक्षक राजकुमार दीवान
प्रधान आरक्षक क्रमांक 625 नंद कुमार सिंह
प्रधान आरक्षक क्रमांक 998 लवण सिंह
प्रधान आरक्षक क्रमांक 727 यदुलाल पाटिल
कार्यक्रम के सफल आयोजन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय तथा पुलिस लाइन दुर्ग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने अपने संदेश में कहा कि विभाग अपने सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारियों के समर्पण, अनुशासन और जनसेवा के योगदान का सम्मान करता है तथा उनके सम्मानपूर्ण एवं सुखद जीवन की मंगलकामना करता है।
