Wednesday, April 15, 2026

बाबा साहेब की जयंती पर भव्य महासम्मेलन हजारों लोगों की मौजूदगी में समरसता और समानता का संदेश

भिलाई : न्यूज़ 36 : डॉ. अंबेडकर प्रतिमा प्रबंध समिति, डॉ. अंबेडकर चौक पावर हाउस भिलाई द्वारा राज्य स्तरीय जयंती मेला महोत्सव, अनुसूचित जाति/जनजाति, पिछड़ा वर्ग, बौद्ध एवं अल्पसंख्यक महासम्मेलन के तहत डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।

कार्यक्रम में सांसद विजय बघेल, पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेम प्रकाश पांडेय, विधायक रिंकेश सेन, तुलसी साहू, शंकर लाल देवांगन, प्रेमचंद अरुण सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का स्वागत स्मृति चिन्ह भेंटकर किया गया।

इस अवसर पर पद्मश्री उषा बारले ने अपनी प्रसिद्ध पंडवानी गायन प्रस्तुति से समां बांध दिया। उनकी प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया, जिसके बाद उन्हें स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया।

आयोजन के प्रमुख सुनील हरीशचंद्र रामटेके ने कार्यक्रम का नेतृत्व किया। सभा को संबोधित करते हुए विधायक रिंकेश सेन ने कहा कि बाबा साहेब की 135 वीं जयंती हम सभी के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बाबा साहेब को प्रेरणास्त्रोत बताते हुए कहा कि उनके बनाए संविधान ने समाज सेवा का मार्ग प्रशस्त किया और समानता का अधिकार सुनिश्चित किया।

सांसद विजय बघेल ने कहा कि बाबा साहेब द्वारा निर्मित संविधान देश की एकता और अखंडता की आधारशिला है। उन्होंने उनके संघर्षपूर्ण जीवन को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि आज देश उनके विचारों पर आगे बढ़ रहा है।

पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पांडेय ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने देश को एक सूत्र में बांधते हुए सभी नागरिकों को समान अधिकार प्रदान किए और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत किया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों के हजारों लोगों की उपस्थिति रही। आयोजन के माध्यम से सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे का संदेश देते हुए बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाया गया।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news