Wednesday, April 15, 2026

आपसी विवाद के बाद अधेड़ की हत्या : 3 घंटे में 2 आरोपी गिरफ्तार

अण्डा पुलिस की त्वरित कार्रवाई

दुर्ग : न्यूज़ 36 : अण्डा थाना क्षेत्र के ग्राम स्वाड़ा में आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार दोनों आरोपियों को महज 3 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्रा ने बताया कि 12 अप्रैल की रात करीब 10 बजे स्कूल पारा, ग्राम स्वाड़ा में मृतक शम्भू निषाद उर्फ देवचरण (45 वर्ष) का संतोष कुमार यादव और रोहित कुमार यादव के साथ विवाद हो गया। विवाद के दौरान आरोपियों ने हाथ-मुक्कों और लात से मारपीट की, जिससे मृतक को गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। घटना के बाद परिजनों ने घायल को जिला अस्पताल दुर्ग पहुंचाया, जहां 13 अप्रैल को डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना अण्डा में अपराध क्रमांक 40/2026 के तहत धारा 103 और 3 (5) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे, जिनकी तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस ने त्वरित घेराबंदी करते हुए आरोपी संतोष कुमार यादव को कुथरेल क्षेत्र से और रोहित कुमार यादव को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस के अनुसार, घटना आपसी विवाद के चलते हुई मारपीट का परिणाम है। मामले में आगे की जांच जारी है।

पुलिस ने की अपील : दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून को हाथ में न लें और शांतिपूर्ण तरीके से समाधान करें। किसी भी आपराधिक गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news