Thursday, August 27, 2026

चिट्टा तस्करी मामला दो और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 4 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

दुर्ग : न्यूज़ 36 : सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस ने चिट्टा (हेरोईन) के अवैध कारोबार से जुड़े मामले में एंड-टू-एंड विवेचना करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस प्रकरण में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। पुलिस ने दोनों नए आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त को शासकीय जिला अस्पताल दुर्ग के आगे नल घर के पास दो व्यक्तियों के चिट्टा बेचने के लिए ग्राहक तलाशने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर विकास यादव (27) निवासी धमतरी और फयाज खोखर उर्फ सोहेल (26) निवासी लुचकीपारा, दुर्ग को पकड़ा था। तलाशी के दौरान विकास यादव के कब्जे से 7,370 मिलीग्राम और फयाज के कब्जे से 7,000 मिलीग्राम चिट्टा बरामद हुआ था।

दोनों के कब्जे से कुल 14.370 ग्राम चिट्टा, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 48 हजार 300 रुपये, तथा दो मोबाइल फोन समेत कुल 1 लाख 68 हजार 300 रुपये की सामग्री जब्त की गई थी। आरोपियों के विरुद्ध धारा 21 (क) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।

मामले की आगे की विवेचना के दौरान पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ, मेमोरेण्डम कथन और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दो अन्य आरोपियों की का संलिप्तता का पता लगाया। इसके बाद पुलिस ने सिफतैन रजा (23) निवासी केलाबाड़ी, दुर्ग और दारेन असरफी (25) निवासी तकियापारा, दुर्ग को 26 अगस्त को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, सिफतैन रजा के कब्जे से एक एप्पल मोबाइल फोन तथा डारेन असरफी के कब्जे से एक एप्पल और एक टेक्नो कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया गया है। पूछताछ में दोनों आरोपियों की मामले में संलिप्तता सामने आने के बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी चिट्टा जैसे मादक पदार्थ को अपने पास रखकर संभावित ग्राहकों की तलाश और अवैध बिक्री की गतिविधियों में शामिल थे। पुलिस द्वारा मामले में एंड-टू-एंड विवेचना के तहत मादक पदार्थ के स्रोत, सप्लाई चैन और इससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

सिटी कोतवाली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की बिक्री, सेवन या परिवहन से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news