Monday, September 21, 2026

छावनी में 36 गैस सिलेंडर चोरी का खुलासा, 8 आरोपी गिरफ्तार

20 घरेलू LPG सिलेंडर और वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद, 3.50 लाख रुपये की सामग्री जब्त

भिलाई : न्यूज़ 36 : छावनी थाना क्षेत्र के साक्षरता चौक कैंप-1 के पास वाहन से चोरी हुए 36 घरेलू LPG सिलेंडरों के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर 20 घरेलू गैस सिलेंडर और वारदात में प्रयुक्त महिन्द्रा मैक्सेमो प्लस वाहन समेत करीब 3.50 लाख रुपये की सामग्री बरामद की गई है।

पुलिस के मुताबिक, 18 सितंबर को रायपुर से दुर्ग जाने वाली सर्विस रोड पर देशी शराब भट्ठी के पास खड़े महिन्द्रा मैक्सेमो प्लस वाहन क्रमांक CG07CA8090 से 36 भरे हुए इंडेन गैस सिलेंडर चोरी हो गए थे। इस मामले में 19 सितंबर को प्रार्थी घनश्याम कुर्रे की रिपोर्ट पर छावनी थाने में अपराध क्रमांक 647/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु की गई।

पूछताछ में मुख्य आरोपी ने खोला राज

विवेचना के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने प्रमोद देवांगन (24) की पहचान की। पूछताछ में आरोपी ने घटना में शामिल होना स्वीकार करते हुए बताया कि चोरी किए गए 36 सिलेंडरों में से 16 सिलेंडर जामुल के अहिवारा रोड स्थित जय अंबे शोरूम के पीछे छोड़ दिए गए थे, जबकि शेष 20 सिलेंडरों को अलग-अलग लोगों को 2 हजार रुपये प्रति सिलेंडर के हिसाब से बेच दिया गया।

Oplus_16908288

आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने अन्य आरोपियों के ठिकानों पर दबिश देकर चोरी के सिलेंडरों की बरामदगी की। पुलिस ने कुल 20 घरेलू LPG सिलेंडर बरामद किए। मुख्य आरोपी की निशानदेही पर बैकुण्थ धाम दशहरा मैदान के पास भिलाई से महिन्द्रा मैक्सेमो प्लस वाहन और 5 सिलेंडर भी जब्त किए गए।

8 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में प्रमोद देवांगन, सुरेन्द्र कुशवाहा, ओमप्रकाश वर्मा, गोपीचंद यादव, बुद्धसेन कुमार साहू, लता वर्मा, उर्वशी पटेल और तुकेश्वरी साहू को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को विधिवत कार्रवाई के बाद न्यायिक रिमांड पर दुर्ग न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

चोरी के बाद बेच दिए सिलेंडर

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने वाहन में रखे घरेलू गैस सिलेंडरों को चोरी करने के बाद कुछ सिलेंडरों को अलग स्थान पर छिपा दिया था, जबकि बाकी सिलेंडरों को अलग-अलग लोगों को कम कीमत पर बेच दिया गया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने चोरी की सामग्री बरामद की।

छावनी पुलिस टीम ने मामले की सूचना मिलने के बाद आरोपियों की पहचान, पूछताछ, संभावित ठिकानों पर दबिश और चोरी गए सिलेंडरों की बरामदगी के लिए समन्वित कार्रवाई की।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि चोरी की सामग्री को खरीदने या अपने पास रखने से बचें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा चोरी की सामग्री की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। चोरी एवं चोरी की संपत्ति के खरीद-बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news