दुर्ग : न्यूज़ 36 : आदर्श नगर स्थित राधा कृष्ण ज्वेलर्स में घुसकर संचालक पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले अज्ञात आरोपी को पद्मनाभपुर पुलिस ने 48 घंटे के भीतर पकड़ लिया है। नाबालिग को पुलिस ने बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया है।
पुलिस ने बताया कि 22 सितंबर की रात करीब 7:45 बजे बालाजी अपार्टमेंट स्थित राधा कृष्ण ज्वेलर्स में एक युवक मुंह पर मास्क लगाकर पहुंचा था। उसने दुकान संचालक रंजन पालित से आभूषण दिखाने को कहा। इसी दौरान उसने स्टील के काले मुठ्ठ वाले चाकू से संचालक की गर्दन पर वार कर दिया था। संचालक ने बचाव किया, जिससे उनके बाएं गाल और दाहिने हाथ में चोट आई थी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने धारा 109 (1) के तहत अपराध दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की थी। पुलिस को मिले सुरागों के आधार पर आरोपी की पहचान की गई और 48 घंटे के भीतर उसे पकड़ लिया गया।
