भिलाई : न्यूज़ 36 : चौकी स्मृतिनगर पुलिस ने फाइनेंस के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से 10 लाख रुपये कीमत की 8 गाड़ियां और 1 वॉशिंग मशीन समेत 9 नग मसरूका बरामद की गई है।
प्रार्थी मनीष डहेरवाल 32 वर्ष निवासी भिलाई ने 21.09.2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपियों ने आर्थिक लाभ का लालच देकर उनके और परिचितों के नाम पर वाहन और सामग्री फाइनेंस कराई। शिकायत पर थाना सुपेला के अपराध क्रमांक 1408/2026 धारा 318(4), 3(5) BNS के तहत केस दर्ज किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी जरूरतमंद लोगों को निशाना बनाते थे। डाउन पेमेंट खुद करने और EMI भरने का झांसा देकर उनके नाम पर फाइनेंस कराते थे, फिर वाहनों और सामान को कम कीमत पर बेचकर रकम आपस में बांट लेते थे।
गिरफ्तार आरोपी जसमीत सिंह उर्फ प्रिंस 28 वर्ष निवासी कैलाश नगर जामुल और भोजराज राय उर्फ भोजू 26 वर्ष निवासी कोहका भिलाई हैं। पुलिस शेष मसरूका और अन्य जुड़े लोगों की तलाश कर रही है।
सराहनीय कार्य
उक्त कार्यवाही में चौकी स्मृतिनगर, थाना सुपेला में पदस्थ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रकरण की त्वरित विवेचना, आरोपियों की पतासाजी तथा मसरूका की बरामदगी में महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी व्यक्ति के कहने पर अपने नाम से वाहन, इलेक्ट्रॉनिक सामग्री अथवा अन्य वस्तु फाइनेंस कराने से पूर्व उसके वास्तविक उद्देश्य एवं भुगतान संबंधी दायित्वों की पूरी जानकारी प्राप्त करें। अपने दस्तावेजों एवं वित्तीय जानकारी का उपयोग किसी अन्य व्यक्ति के कहने पर न करें तथा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
