भिलाई : न्यूज़ 36 : थाना जामुल क्षेत्र के शिव शक्ति तालाब में नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबे 32 वर्षीय युवक का शव एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू कर बाहर निकाला। शव को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए जामुल थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मनी जंघेल (32 वर्ष), पिता कांता जंघेल, निवासी घासीदास नगर जामुल शनिवार को शिव शक्ति तालाब में नहाने गया था। इसी दौरान वह तालाब के गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना की सूचना जिला सेनानी, नगर सेना, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं दुर्ग को दी गई।
सूचना मिलते ही SDRF दुर्ग की रेस्क्यू टीम आवश्यक जीवन रक्षक उपकरणों के साथ तत्काल मौके पर पहुंची। टीम के अनुभवी डीप डाइवर्स राजकुमार यादव एवं चंद्र प्रताप ने गहरे पानी में सघन सर्च ऑपरेशन शुरु किया।
काफी प्रयास के बाद SDRF टीम ने युवक को पानी के भीतर तलाश कर बाहर निकाला। हालांकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद मृतक के पार्थिव शरीर को मर्ग पंचनामा एवं अन्य अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए जामुल थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
