Tuesday, October 13, 2026

कमीशन पर फर्म का माल बेचकर रकम हड़पने वाला आरोपी गिरफ्तार

₹3.70 लाख की धोखाधड़ी का खुलासा

दुर्ग : न्यूज़ 36 : थाना पुलगांव पुलिस ने फर्म का वॉशिंग पाउडर और साबुन कमीशन पर सप्लाई कर बिक्री की रकम फर्म में जमा करने के बजाय खुद हड़पने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ ₹3,70,049 की धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी दिव्यांश कुकरेजा (32 वर्ष) निवासी दुर्ग ने थाना पुलगांव में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी आकाश शुक्ला (34 वर्ष) निवासी चंगोराभाठा, रायपुर, फर्म शिवम शुभ शॉप एवं केमिकल वर्क्स, चंदखुरी में कमीशन के आधार पर काम करता था। वह फर्म का वॉशिंग पाउडर एवं साबुन विभिन्न व्यावसायिक पार्टियों को सप्लाई करता था।

जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी ने अलग-अलग पार्टियों से माल की बिक्री के बाद प्राप्त रकम फर्म में जमा करने के बजाय अपने पास रख ली। इसके अलावा 28 अप्रैल 2026 को 122 बोरी वॉशिंग पाउडर अग्रवाल किराना स्टोर, लवन के नाम से भेजा गया था, जिसे आरोपी ने निर्धारित स्थान के बजाय अन्य जगह खाली करवाकर उसकी राशि भी स्वयं प्राप्त कर ली।
पुलिस जांच में विभिन्न लेन-देन से संबंधित कुल ₹3,70,049 की राशि आरोपी द्वारा अपने पास रखे जाने के तथ्य सामने आए। इसके बाद थाना पुलगांव में अपराध क्रमांक 783/2026, धारा 316 (4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की गई और आरोपी आकाश शुक्ला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

मॉडस ऑपरेंडी: आरोपी कमीशन के आधार पर फर्म का माल विभिन्न व्यापारियों को सप्लाई करता था। माल बिकने के बाद प्राप्त रकम फर्म में जमा करने के बजाय स्वयं रख लेता था। एक मामले में वाहन से भेजे गए माल को निर्धारित स्थान के बजाय अन्य जगह उतरवाकर उसकी राशि भी अपने पास रख ली।

इस कार्रवाई में थाना पुलगांव प्रभारी उनि गुरविंदर सिंह संधू, सउनि बाबूलाल साहू एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस ने व्यवसायियों से अपील की है कि व्यापारिक लेन-देन, माल की सुपुर्दगी और भुगतान से संबंधित दस्तावेज सुरक्षित रखें तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता या धोखाधड़ी की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news