कैंप-1 कब्रिस्तान में अदा हुई नमाज़-ए-जनाज़ा
भिलाई : न्यूज़ 36 : अंचल के जाने-माने सेवाभावी चिकित्सक डॉ. सैयद आफताब रिजवी (78) का आज सोमवार सुबह रायपुर के एक अस्पताल में इंतकाल हो गया। उनके नेहरू नगर स्थित निवास से जनाजा निकला और देर शाम कब्रिस्तान हैदरगंज कैम्प-1 में उन्हें सुपुर्दे खाक किया गया। डॉ. रिजवी को आखिरी विदाई देने जनप्रतिनिधिगण, चिकित्सक बिरादरी सहित बड़ी तादाद में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। बरसते पानी में लोगों ने नेहरू नगर निवास और कब्रिस्तान पहुंच कर डॉ. रिजवी को अंतिम विदाई दी।
डॉ. रिजवी की प्रारंभिक शिक्षा राजकुमार कॉलेज रायपुर से हुई, जहां उनके पिता सैयद अहमद सईद रिजवी उप प्राचार्य थे। डॉ. रिजवी ने अपनी मेडिकल की पढ़ाई रायपुर मेडिकल कॉलेज से पूरी की और 1975 में उन्होंने एमडी की डिग्री ली। इसके बाद उन्होंने बीएसपी सेक्टर-9 मुख्य चिकित्सालय के मेडिसिन विभाग में अपनी सेवा की शुरूआत की। यहां उन्होंने दो दशक से ज्यादा अपना योगदान दिया और इसके बाद साल 1998 में वे बीएसपी की सेवा से अलग हो गए। तब से वे प्राइवेट प्रेक्टिस कर रहे थे। डॉ. रिजवी का समाजसेवा में उल्लेखनीय योगदान रहा है। उन्होंने गरीब और वंचित समुदाय के लोगों की हमेशा नि:शुल्क सेवा की। इसके साथ ही आम लोगों के बीच भी अपनी चिकित्सा सेवा की वजह से वे बेहद लोकप्रिय थे। उनके गुजरने की खबर आने के बाद सोशल मीडिया में श्रद्धांजलि का तांता लगा हुआ है। वे बीएसपी चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभाग के रिटायर निदेशक डॉ. सैयद जावेद रिजवी के बड़े भाई थे। वे अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
