छावनी पुलिस और ACCU की संयुक्त कार्रवाई, मोबाइल-मोटरसाइकिल समेत ₹59,400 की सामग्री जब्त
भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई के पावर हाउस क्षेत्र में प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल की अवैध बिक्री के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना छावनी पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) की टीम ने मुखबिर की सूचना पर खंडहर के पास दबिश देकर आरोपी को पकड़ा। पुलिस ने उसके कब्जे से स्पास्मो प्रॉक्सीवॉन प्लस के 96 कैप्सूल, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल और नकदी सहित कुल ₹59,400 की सामग्री जब्त की है।
मुखबिर की सूचना पर दी दबिश
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 अक्टूबर को थाना छावनी पुलिस को सूचना मिली थी कि पावर हाउस स्थित खंडहर के पास एक व्यक्ति प्रतिबंधित स्पास्मो प्रॉक्सीवॉन प्लस कैप्सूल बेच रहा है। सूचना के आधार पर थाना छावनी पुलिस एवं ACCU की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और संदिग्ध को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान रेशम सिंह (36 वर्ष) निवासी सेक्टर-11, खुर्सीपार, भिलाई, जिला दुर्ग के रूप में हुई।
96 कैप्सूल समेत ₹59,400 की सामग्री जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से प्रतिबंधित स्पास्मो प्रॉक्सीवॉन प्लस के 12 स्ट्रीप में कुल 96 कैप्सूल बरामद किए। इसके अलावा एक AI Plus मोबाइल फोन, सीबीजेड मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 LY 2329 और ₹1,000 नकद भी जब्त किए गए।
पुलिस के अनुसार, जब्त सामग्री का कुल मूल्य ₹59,400 है। इसमें कैप्सूल की कीमत ₹38,400, मोबाइल की ₹5,000 और मोटरसाइकिल की ₹15,000 आंकी गई है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
आरोपी के विरुद्ध थाना छावनी में अपराध क्रमांक 749/2026 के तहत धारा 22/8(ख) NDPS एक्ट में अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय, दुर्ग के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रामनारायण सिंह ध्रुव, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक दुजराज ध्रुव, प्रधान आरक्षक सूरज पांडेय तथा आरक्षक जितेन्द्र देशमुख एवं पंकज कुमार राय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने कहा है कि जिले में प्रतिबंधित दवाओं और नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि प्रतिबंधित दवाओं के अवैध क्रय-विक्रय में शामिल न हों और ऐसी गतिविधियों की जानकारी तत्काल नजदीकी थाने या पुलिस को दें।
