Tuesday, October 27, 2026

आवागमन बाधित करने वालों पर निगम एवं पुलिस प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

सड़क किनारे अवैध गुमटी, ठेले और खुमचे हटाए गए

भिलाई : न्यूज़ 36 : नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्र में नागरिकों को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने तथा सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से आज नगर निगम एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा बड़े स्तर पर अभियान चलाया गया। निगम आयुक्त सुरूचि सिंह के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान के तहत सड़क किनारे अवैध रूप से गुमटी, ठेले, खुमचे लगाकर यातायात बाधित करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई। वहीं सड़क किनारे अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहनों पर भी यातायात पुलिस द्वारा जब्ती की कार्रवाई की गई।
नगर निगम एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा सड़क मार्गों का निरीक्षण करते हुए आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वाले अवैध कब्जों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे रखी गई गुमटियों, ठेलों एवं खुमचों को निगम के जेसीबी वाहन की सहायता से हटाकर डम्पर में लोड किया गया। वहीं यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों को यातायात पुलिस द्वारा जब्त किया गया। संयुक्त टीम की इस कार्रवाई से सड़क मार्गों पर आवागमन के लिए बाधा उत्पन्न करने वाले अवैध कब्जों को हटाने में मदद मिली। नगर निगम भिलाई द्वारा शहर की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। शहर के प्रमुख सड़क मार्गों, चौक-चौराहों एवं बाजार क्षेत्रों में सड़क किनारे अवैध रूप से गुमटी, ठेले और खुमचे लगाए जाने के कारण आम नागरिकों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई स्थानों पर सड़क का हिस्सा अतिक्रमण की चपेट में आने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है तथा यातायात जाम की स्थिति निर्मित होती है। इससे दोपहिया, चारपहिया वाहन चालकों के साथ पैदल चलने वाले नागरिकों को भी असुविधा होती है।
नगर निगम प्रशासन ने दुकानदारों, ठेला एवं गुमटी संचालकों तथा वाहन चालकों से अपील की है कि वे सड़क मार्गों एवं सार्वजनिक आवागमन वाले स्थानों पर अवैध कब्जा न करें। वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें तथा यातायात नियमों का पालन करते हुए शहर की व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। निगम एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा शहर में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने तथा सड़क मार्गों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रखी जाएगी।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news