भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई में जल्द ही एक सुव्यवस्थित और आधुनिक थोक सब्जी मार्केट का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर पहल शुरु कर दी गई है। संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर और कलेक्टर अभिजीत सिंह ने चिन्हांकित स्थल का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने नगर निगम भिलाई एवं राजस्व विभाग की टीम के साथ राधिका नगर, थाना सुपेला के पीछे स्थित खाली मैदान का मौका मुआयना किया। यहां प्रस्तावित थोक सब्जी मार्केट विकसित किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त राजीव पाण्डेय ने बताया कि यह भूमि पूर्व में साडा द्वारा टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग को आवासीय उपयोग के लिए दी गई थी, जिसे अब व्यावसायिक उपयोग में परिवर्तित कर सब्जी मार्केट के रूप में विकसित करने की योजना है।
इसके बाद अधिकारियों ने आकाशगंगा थोक सब्जी मार्केट का पैदल भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। व्यापारियों से चर्चा के दौरान सामने आया कि मार्केट में लगभग 456 बड़ी और 300 छोटी दुकानें संचालित हैं, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में सब्जियों का आवागमन होता है।
व्यापारियों ने बताया कि सुबह 4 बजे से 10 बजे तक भारी वाहनों की आवाजाही और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण भारी अव्यवस्था रहती है। साथ ही कई दुकानें जर्जर हालत में हैं, अवैध कब्जे की समस्या है और जल निकासी की व्यवस्था भी अपर्याप्त है।
निरीक्षण के दौरान संभाग आयुक्त और कलेक्टर ने प्रियदर्शनी परिसर में निर्माणाधीन स्विमिंग पूल, स्केटिंग ट्रैक, नालंदा परिसर और हॉर्स राइडिंग ग्राउंड का भी अवलोकन किया। इसके अलावा नेहरू नगर अंडरब्रिज से सुपेला अंडरब्रिज तक करीब 3 किलोमीटर लंबी सर्विस लेन का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने सभी निर्माण कार्यों में तेजी लाने और तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
इस दौरान एसडीएम महेश राजपूत सहित नगर निगम और राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे ।
