Sunday, September 13, 2026

सेक्टर-9 अस्पताल के ICU में बिजली गुल होने पर विधायक देवेन्द्र यादव ने जताया आक्रोश, प्रबंधन को लिखा पत्र

भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा संचालित पंडित जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र सेक्टर-9 में गहन चिकित्सा इकाई (ICU) में बिजली बंद होने की घटना को लेकर भिलाई नगर विधायक देवेन्द्र यादव ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने मुख्य महाप्रबंधक, नगर प्रशासन एवं निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व विभाग, बीएसपी प्रबंधन को पत्र लिखकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
विधायक यादव ने पत्र में उल्लेख किया है कि दिनांक 11/09/2026 को सेक्टर-9 अस्पताल के ICU में विद्युत आपूर्ति बंद होने की शिकायत प्राप्त हुई है। ICU अति संवेदनशील और विशेष देखरेख वाला विभाग है, जहां जीवन रक्षक मशीनें एवं अन्य चिकित्सा प्रणालियां पूरी तरह विद्युत पर निर्भर रहती हैं। ऐसे में बिजली बंद रहना सीधे मरीजों के जीवन के साथ खिलवाड़ है।
गौरतलब है कि 11 सितंबर को दोपहर और शाम दो बार अचानक अस्पताल की बिजली गुल हो गई थी। इससे मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और अस्पताल की आपात व्यवस्था भी पूरी तरह चौपट हो गई थी, जिसे लेकर परिजनों में भारी आक्रोश देखा गया।
विधायक ने पत्र में कहा कि यह घटना संबंधित व्यवस्था और दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही को दर्शाती है। ICU प्रभारी की लापरवाही और कार्य के प्रति उदासीनता स्पष्ट रूप से परिलक्षित हो रही है। उन्होंने प्रबंधन से मांग की है कि इस घटना को गंभीरता से संज्ञान में लेकर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news