Thursday, October 1, 2026

एमजीएम स्कूल में गूंजा स्वदेशी और स्वावलंबन का संदेश

अजय भसीन ने विद्यार्थियों से कहा : यही समय है, सही समय है,मिलकर भारत को बनाएं समृद्ध, विकसित और आत्मनिर्भर

भिलाई : न्यूज़ 36 : स्वावलंबी भारत अभियान एवं भिलाई चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के तत्वावधान में एमजीएम स्कूल सेक्टर-6 में उद्यमिता प्रोत्साहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वदेशी, स्वावलंबन और उद्यमिता के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस दौरान विद्यार्थियों को “हर घर स्वदेशी, हर युवा उद्यमी” का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री अजय भसीन ने कहा, “यही समय है, सही समय है। आइए, मिलकर भारत को समृद्ध, विकसित और आत्मनिर्भर बनाएं।” उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत की शुरुआत प्रत्येक व्यक्ति के संकल्प से होती है। विद्यार्थियों को स्वदेशी उत्पादों को अपनाने और अपने परिवार में भी देश में निर्मित उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने का संकल्प लेना चाहिए।
भसीन ने विद्यार्थियों को उद्यमिता से जोड़ने पर जोर देते हुए कहा कि जो विद्यार्थी पढ़ाई के साथ काम का अनुभव हासिल करना चाहते हैं, उन्हें इंटर्नशिप के माध्यम से कार्य के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ उद्यम और व्यवसाय की गतिविधियों से जुड़ने तथा अपनी प्रतिभा और कौशल को रोजगार एवं व्यवसाय के अवसरों में बदलने का आह्वान किया।
एमजीएम स्कूल के पूर्व विद्यार्थी एवं वर्तमान में उद्यमी हेमंत अरोरा ने युवाओं को नौकरी तलाशने के साथ रोजगार सृजक बनने की दिशा में आगे बढ़ने की बात कही। वहीं पूर्व विद्यार्थी अनिल जेठानी ने अपने संघर्ष और सफलता की कहानी साझा करते हुए कहा कि देश की सबसे बड़ी ताकत युवा शक्ति है। युवाओं के कौशल, नवाचार और उद्यमिता को सही दिशा मिले तो मजबूत और आत्मनिर्भर राष्ट्र का निर्माण संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वदेशी उत्पादों को अपनाने के साथ स्थानीय उद्यमियों एवं व्यवसायों को प्रोत्साहित करने की अपील की।
कार्यक्रम में पूर्णिमा एवं सरोजिनी पाणिग्रही के संघर्ष, मेहनत और उद्यमिता के जरिए सफल व्यवसाय खड़ा करने के उदाहरण भी विद्यार्थियों के सामने प्रस्तुत किए गए। उनके जीवन-संघर्ष और सफलता की यात्रा के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि सही सोच, कौशल, मेहनत और निरंतर प्रयास से नए अवसरों का निर्माण किया जा सकता है।
कार्यक्रम का संचालन सुनील मिश्रा ने किया। विशेष अतिथि के रूप में राजीव नायक, सलज जेम्स, मोहन राव, कोमल जैन एवं राजेश तिवारी ने भी अपने जीवन संघर्ष और अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा किए। कार्यक्रम की जानकारी शंकर सचदेव ने दी।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news