भिलाई : न्यूज़ 36 : नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा राज्य शासन के सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित किए जा रहे सेवा सेतु शिविर में नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वच्छता दीदियों के स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। इसी क्रम में शिविर के दौरान मैदानी क्षेत्रों में कार्य करने वाली स्वच्छता दीदियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया तथा चिकित्सकीय जांच के बाद आवश्यकतानुसार दवाइयों का वितरण किया गया।
स्वच्छता दीदियां नगर की स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। वे प्रतिदिन शहर के विभिन्न वार्डों एवं मैदानी क्षेत्रों में पहुंचकर सफाई, कचरा संग्रहण एवं स्वच्छता संबंधी कार्यों में अपनी सेवाएं देती हैं। लगातार मैदानी क्षेत्र में कार्य करने के दौरान उन्हें मौसम, धूल, गंदगी एवं अन्य परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है।
ऐसे में उनके स्वास्थ्य की नियमित जांच एवं समय पर उपचार उपलब्ध कराना आवश्यक है। सेवा संकल्प शिविर के माध्यम से स्वच्छता दीदियों के स्वास्थ्य की जांच कर उनके स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी ली गई। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान आवश्यक जांच के साथ चिकित्सकीय परामर्श दिया गया और जरूरत के अनुसार दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं। इसका उद्देश्य स्वच्छता दीदियों को स्वस्थ रखते हुए उन्हें अपने कार्य को सुरक्षित एवं बेहतर तरीके से करने में सहयोग प्रदान करना है।
निगम द्वारा नागरिक सुविधाओं के साथ-साथ मैदानी स्तर पर कार्य करने वाले कर्मचारियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को भी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है। सेवा संकल्प अभियान के तहत इस प्रकार की गतिविधियों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी भावना को धरातल तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
आप की राय
[yop_poll id="1"]
