Saturday, August 22, 2026

स्व सहायता समूह में निवेश का झांसा देकर महिलाओं के नाम पर 15 लाख का लोन

आरोपी महिला को जामुल पुलिस ने किया गिरफ्तार

भिलाई : न्यूज़ 36 : स्व सहायता समूह में निवेश कर लाभ कमाने का झांसा देकर महिलाओं के
लाखों रुपये हड़पने के मामले में जामुल पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला पर लोन की रकम खुद प्राप्त कर उपयोग करने के साथ हितग्राहियों के बैंक पासबुक, एटीएम और अन्य दस्तावेज अपने पास रखने का आरोप है। पुलिस ने उसके कब्जे से लोन कार्ड, बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, मजदूर कार्ड और आधार कार्ड बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक ग्राम कुरुद निवासी श्रीमती त्रिवेणी साहू ने 20 अगस्त 2026 को थाना जामुल में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम कुरुद निवासी विद्या साहू महिलाओं को स्व सहायता समूह में निवेश करने पर लाभ कमाने का लालच देती थी। इसके बाद उनके नाम पर मुद्रा लोन और पर्सनल लोन निकलवाए जाते थे।

आरोप है कि लोन स्वीकृत होने के बाद उसकी रकम विद्या साहू स्वयं प्राप्त कर उपयोग करती थी। साथ ही संबंधित महिलाओं के एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक और अन्य दस्तावेज भी अपने पास रखती थी। शिकायत के के अनुसार इस तरीके से करीब 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई।

शिकायत पर जामुल पुलिस ने अपराध क्रमांक 592/2026 दर्ज कर धारा 318 (4) बीएनएस के तहत जांच शुरु की। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 20 अगस्त को घेराबंदी कर आरोपी विद्या साहू (33), निवासी भाठापारा बाजार चौक, ग्राम कुरुद को पकड़ लिया।

पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपी ने महिलाओं के नाम पर लोन निकलवाकर उसकी रकम स्वयं प्राप्त कर खर्च करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उसके कब्जे से लोन कार्ड, बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, मजदूर कार्ड और आधार कार्ड सहित संबंधित दस्तावेज जब्त किए।
आरोपिया को 21 अगस्त 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले में लोन लेन-देन और अन्य संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है।

दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी स्व सहायता समूह, निवेश या लोन योजना में शामिल होने से पहले उसकी वैधता और संबंधित संस्था की पूरी जानकारी का सत्यापन करें। बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड और अन्य वित्तीय दस्तावेज अनावश्यक रुप से किसी अन्य व्यक्ति को न सौंपें तथा वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news