पाटन की शराब दुकान के पास की घटना
भिलाई : न्यूज़ 36 : पाटन में शराब पीने की बात को लेकर हुए विवाद में एक युवक की लात-घूंसों से मारपीट कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर आरोपी विपिन चंद्राकर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार 19 अगस्त को शाम करीब चार बजे ग्राम फुंडा निवासी रूपेश कुमार वर्मा शराब खरीदने पाटन शराब दुकान गया था। वहां ग्राम चीचा निवासी विपिन चंद्राकर से शराब पीने की बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। आरोपी ने रूपेश के पेट और निजी अंग पर लात-घूंसों से हमला किया। गंभीर चोट लगने से वह जमीन पर गिर गया। सूचना पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। रात में तबीयत में सुधार होने पर परिजन उसे घर ले गए। हालांकि रात करीब नौ बजे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर के अंदरूनी हिस्सों में चोट की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ धारा 103 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
