कैलाश नगर तालाब के पास वारदात, जांघ में चाकू छोड़कर भागे
भिलाई : न्यूज़ 36 : मोहन नगर थाना क्षेत्र के कैलाश नगर तालाब के पास गुरुवार शाम दो गुटों के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पहले हुए विवाद का बदला लेने पहुंचे एक गुट के युवकों ने फिरोज बैठा पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावर उसकी जांघ में चाकू छोड़कर भाग गए। गंभीर रूप से घायल फिरोज को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार गुरुवार शाम करीब 3.25 से 6.30 बजे के बीच घटना हुई। कालू तांडी और उसके साथियों का मन्ना तांडी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान नशामुक्ति केंद्र के पीछे बैठे फिरोज ने झगड़ा देखकर बीच-बचाव किया।
कुछ देर बाद मामला शांत हो गया। इसके बाद मन्ना तांडी अपने साथियों के साथ बदला लेने के लिए दोबारा तालाब के पास पहुंचा। वहां फिरोज मिल गया। आरोपी उसे उठाकर तालाब की ओर ले जाने लगे। खतरा भांपकर फिरोज ने छटपटाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया।
मोहल्लेवासियों का आरोप है कि नशामुक्ति केंद्र के पीछे का इलाका नशेड़ियों का अड्डा बन गया है। शराब और अन्य नशे का सेवन करने के लिए लोग जुटते हैं। नियमित पेट्रोलिंग नहीं होने घटनाएं बढ़ रही हैं।
घायल युवक रायपुर रेफर
हमले में फिरोज गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब दर्जनभर युवक उसके साथ मारपीट कर रहे थे। मोहल्ले की महिलाएं बीच-बचाव करने पहुंचीं, जिसके बाद आरोपी भाग निकले। फिरोज की जांघ में चाकू फंसा हुआ था। स्थानीय लोगों की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने रायपुर रेफर कर दिया।
