Monday, October 12, 2026

दुर्ग पुलिस में AI की एंट्री : थानों के रीडर्स को दिया गया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रैक्टिकल प्रशिक्षण

भिलाई : न्यूज़ 36 : दुर्ग पुलिस अब आधुनिक पुलिसिंग की ओर कदम बढ़ा रही है। पुलिस अधीक्षक दुर्ग के विजन और मार्गदर्शन में जिले के सभी थानों और कार्यालयों में पदस्थ रीडर्स को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के व्यावहारिक उपयोग का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण पुलिस कंट्रोल रूम सेक्टर-6 भिलाई में आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) और रेंज साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन के उप निरीक्षक ने पुलिसकर्मियों को AI के उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बताया गया कि कैसे AI की मदद से शासकीय पत्र, प्रेस विज्ञप्ति, प्रतिवेदन, बैठक की कार्यवाही और लंबे दस्तावेजों का सारांश कम समय में तैयार किया जा सकता है।

तकनीक के साथ गोपनीयता पर जोर

प्रशिक्षण में बताया गया कि AI से बेहतर परिणाम के लिए स्पष्ट और सटीक निर्देश देना जरूरी है। साथ ही मीडिया और सोशल मीडिया के लिए फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और वीडियो बाइट रिकॉर्ड करने से पहले तथ्यों और कैप्शन की जांच कैसे करें, इस पर भी जानकारी दी गई।
पुलिस ने AI के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग पर विशेष जोर दिया। प्रशिक्षण में स्पष्ट कहा गया कि केस डायरी, विवेचना से जुड़े गोपनीय विवरण, पीड़ितों और मुखबिरों की पहचान जैसी संवेदनशील जानकारी को कभी भी सार्वजनिक AI टूल पर साझा नहीं करना है। AI से तैयार किसी भी दस्तावेज का उपयोग करने से पहले तथ्यों, कानूनी प्रावधानों का सत्यापन करना और विभागीय प्रक्रिया का पालन करना अनिवार्य होगा।
दुर्ग पुलिस का कहना है कि AI का उद्देश्य पुलिस के दैनिक कार्यों को अधिक सरल, व्यवस्थित और समयबद्ध बनाना है, लेकिन अंतिम दस्तावेज की तथ्यात्मक शुद्धता और गोपनीयता की पूरी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारी की ही रहेगी।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news