Sunday, October 11, 2026

15 वर्षीय छात्र के गले पर कटर से हमला, हत्या की कोशिश का मामला दर्ज

स्कूल के पास दोस्तों से मिलने गया था छात्र, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

भिलाई : न्यूज़ 36 : खुर्सीपार क्षेत्र में मामूली विवाद और पुरानी रंजिश को लेकर 15 वर्षीय स्कूली छात्र के गले पर कटर से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में छात्र गंभीर रुप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। घायल छात्र की मां की रिपोर्ट पर खुर्सीपार पुलिस ने आरोपी छात्र के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरु कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सेक्टर-11, सड़क नंबर-8, क्वार्टर नंबर 03/एफ, जोन-01 खुर्सीपार निवासी ए. सरिता का 15 वर्षीय बेटा ए. सुशांत शासकीय हाई स्कूल, जोन-02, गुरुद्वारा के पास खुर्सीपार में कक्षा आठवीं में पढ़ता है। 10 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 11 बजे वह स्कूल के मैदान में फुटबॉल खेलने गया था।

सुबह करीब 11:45 बजे उसके स्कूल के कुछ दोस्त उसे घायल अवस्था में घर लेकर पहुंचे। छात्र के गले पर धारदार हथियार से गहरा कट लगा था और काफी खून बह रहा था। परिजन तत्काल उसे उपचार के लिए रिवाइवल अस्पताल ले गए। वहां से बीएम शाह
अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई। इसके बाद परिजन उसे बीएम शाह अस्पताल लेकर पहुंचे। उपचार में अधिक खर्च की जानकारी मिलने पर छात्र को स्पर्श अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

दोस्तों के साथ विवाद को लेकर हमला करने का आरोप

घायल छात्र को होश आने के बाद उसने अपनी मां को बताया कि वह स्कूल के बाहर अपने दोस्तों से मिलने गया था और उनसे बातचीत कर रहा था। इसी दौरान उसके साथ स्कूल में पढ़ने वाले छात्र ने मामूली विवाद और रंजिश को लेकर कथित तौर पर कटर से उसके गले पर वार कर दिया। छात्र के मुताबिक, वहां मौजूद अन्य लड़कों ने बीच-बचाव कर उसे बचाया, अन्यथा उसकी जान जा सकती थी।

पुलिस ने दर्ज किया अपराध

घायल छात्र की मां ए. सरिता की रिपोर्ट पर खुर्सीपार पुलिस ने अपराध क्रमांक 0459/26 के तहत आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 एवं 296 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news