Wednesday, August 26, 2026

पुलिस लाइन दुर्ग में 135 पौधों का रोपण, हरित दुर्ग का लिया संकल्प

दुर्ग : न्यूज़ 36 : पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र के विस्तार की दिशा में दुर्ग पुलिस एवं लायंस क्लब ऑफ दुर्ग सिटी द्वारा संयुक्त रूप से पहल की गई। बुधवार को पुलिस लाइन दुर्ग स्थित परेड ग्राउंड में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों और लायंस क्लब के सदस्यों ने मिलकर 135 पौधों का रोपण किया।
कार्यक्रम में उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ PMJF लायन ज्ञान चंद पाटनी, लायन सुनील अग्रवाल, अध्यक्ष लायंस क्लब ऑफ दुर्ग सिटी, लायन स्नेहलता साहू, सचिव लायंस क्लब ऑफ दुर्ग सिटी, क्लब के अन्य सदस्य, रक्षित निरीक्षक दुर्ग नीलकंठ वर्मा सहित पुलिस लाइन के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

वृक्षारोपण के दौरान उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और क्लब सदस्यों ने पौधे लगाए तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस लाइन परिसर में हरित क्षेत्र का विस्तार करने के साथ आम नागरिकों को भी पर्यावरण संरक्षण और पौधरोपण के प्रति जागरुक करना रहा।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने जन्मदिन और अन्य विशेष अवसरों पर पौधरोपण करें तथा लगाए गए पौधों को पेड़ बनने तक उनकी जिम्मेदारी भी निभाएं।

दुर्ग पुलिस और लायंस क्लब के इस संयुक्त प्रयास से पुलिस लाइन परिसर में हरियाली बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधरोपण करने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news