दुर्ग : न्यूज़ 36 : मोहन नगर थाना क्षेत्र में एक कार के नंबर की क्लोनिंग कर उसी नंबर का इस्तेमाल अज्ञात वाहन में किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित वाहन मालिक की शिकायत पर मोहन नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरु कर दी है।
पुलिस के अनुसार, रायपुर निवासी मोनिश सोनी ने थाना मोहन नगर में लिखित शिकायत दर्ज कराई कि उसके नाम से पंजीकृत टोयोटा वेरिस कार क्रमांक CG 07 BZ 5226 का नंबर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा दूसरे वाहन में इस्तेमाल किया जा रहा है। शिकायतकर्ता को पिछले करीब एक वर्ष से इस फर्जी नंबर के इस्तेमाल की जानकारी ट्रैफिक चालान और टोल राशि कटने के माध्यम से मिल रही थी।
शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी कार कभी ओडिशा नहीं गई, इसके बावजूद उसके वाहन के नंबर पर करीब 2 हजार रुपये का ट्रैफिक चालान तथा 7 से 8 हजार रुपये की टोल राशि कट चुकी है। वर्तमान में इसी नंबर की प्लेट लगी संदिग्ध कार को दुर्ग के रजत होम्स, हरी नगर के पास इस्तेमाल किए जाने की जानकारी मिली।
मोनिश सोनी की रिपोर्ट पर मोहन नगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 0600/26 दर्ज करते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 336(3), 340(2), 345(3) और 347(1) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया है। पुलिस अब संदिग्ध वाहन और उसके चालक की पहचान करने के साथ ही फर्जी नंबर प्लेट के इस्तेमाल से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
