भिलाई : न्यूज़ 36 : रक्षाबंधन के अवसर पर वैशाली नगर विधानसभा में भाई-बहन के रिश्ते की अनूठी तस्वीर देखने को मिली। वैशाली नगर स्थित लोकांगन परिसर में रविवार को 11 हजार से अधिक बहनें विधायक रिकेश सेन को राखी बांधने पहुंचीं। अल्प सूचना पर उमड़ीभीड़ के कारण लोकांगन के साथ गरबा ग्राउंड और आसपास का क्षेत्र भी बहनों की कतारों से भर गया।
विधायक सेन ने दोपहर एक बजे से शाम 6 बजे तक लगातार बहनों से रक्षासूत्र बंधवाया। बहनों ने तिलक और आरती कर उनकी दीर्घायु व स्वस्थ जीवन की कामना की। कई बहनों ने विधायक की पत्नी डा. रिचा सेन को भी राखी बांधी। व्यवस्था का जायजा लेने विधायक स्वयं परिसर में घूमते रहे और बहनों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि पार्षद से विधायक तक के सफर में क्षेत्र की बहनों ने उन्हें भाई मानकर जो स्नेह और आशीर्वाद दिया है, उसका मान रखना उनका दायित्व है। उन्होंने कहा कि जो बहनें रविवार को नहीं मिल सकीं, उनसे अगले एक सप्ताह तक मिलने का प्रयास किया जाएगा।
विधायक ने बताया कि करीब ढाई दशक से वे रक्षाबंधन पर बहनों से राखी बंधवाते आ रहे हैं। पिछले वर्ष शुरू की गई शक्ति योजना से जुड़ी 22 हजार महिलाओं ने भी उन्हें भाई मानकर राखी बांधी थी।
उन्होंने कहा कि वैशाली नगर की बहनों का आशीर्वाद ही उनकी शक्ति है और इसी विश्वास के साथ वे क्षेत्र में जनोपयोगी योजनाओं को आगे बढ़ा रहे।
