Monday, August 24, 2026

समोसा ठंडा होने पर विवाद : युवक के पेट में चाकू घोपा, दो आरोपी गिरफ्तार

भिलाई : न्यूज़ 36 : सुपेला के लक्ष्मी मार्केट स्थित शिव मंदिर के पास समोसा ठंडा होने की बात को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो युवकों ने हिमांशु नामक युवक से मारपीट करने के बाद उस पर धारदार हथियार से लगातार वार कर दिए। हमले में युवक के सिर, गर्दन, पेट, पीठ और कमर में गंभीर चो आई हैं। घायल का उपचार रायपुर स्थित एम्स अस्पताल में जारी है।

घटना 22 अगस्त की रात की है। प्रार्थिया अर्चना नेवारे, निवासी आदर्श पारा सुपेला ने थाना सुपेला में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका पुत्र हिमांशु लक्ष्मी मार्केट स्थित शिव मंदिर के पास बैठा था। इसी दौरान मोहल्ले के योगेश्वर वर्मा उर्फ बिच्छु और मनीष नोनहारे उर्फ पीला भाउ वहां पहुंचे। बातचीत के दौरान शराब पीने के बाद समोसा और पानी लाने की बात हुई।

रात करीब 11:15 बजे दोनों आरोपी वापस लौटे। शराब पीने के दौरान समोसा ठंडा होने की बात को लेकर हिमांशु से उनका विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने पहले उसके साथ मारपीट की और फिर धारदार हथियार से उस पर लगातार वार कर दिए। गंभीर रुप से घायल हिमांशु को डायल-112 की मदद से शासकीय अस्पताल सुपेला ले जाया गया। वहां से उसे जिला अस्पताल दुर्ग और बाद में बेहतर उपचार के लिए रायपुर एम्स रेफर किया गया।

कृष्णा नगर में घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी

रिपोर्ट मिलते ही सुपेला पुलिस ने आरोपियों की पतासाजी शुरु कर दी। पुलिस को आरोपियों के कृष्णा नगर क्षेत्र में मौजूद होने की जानकारी मिली, जिसके बाद टीम ने घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार की जप्ती कार्रवाई भी की है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान योगेश्वर वर्मा उर्फ बिच्छु (22 वर्ष), निवासी कृष्णा नगर लोहार पारा, सुपेला और मनीष नोनहारे उर्फ पीला भाउ (25 वर्ष), निवासी भीम नगर देवांगन मोहल्ला, सुपेला के रूप में हुई है।

दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1227/2026 के तहत धारा 109 (1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि आपसी विवाद को हिंसक रुप न दें। विवाद की स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें। हिंसक अथवा आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर पुलिस द्वारा नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई में थाना सुपेला प्रभारी एस.एन. सिंह, उनि चितराम ठाकुर, सउनि गंगाराम रावत, आरक्षक दुर्गेश सिंह राजपूत और धर्मेन्द्र सूर्यवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news