Wednesday, November 25, 2026

चिट्टा बेचने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

भिलाई : न्यूज़ 36 : खुर्सीपार थाना क्षेत्र के जोन क्रमांक तीन में चिट्टा की अवैध बिक्री के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें रबेल सिंह (26) निवासी गोकुल नगर जामुल और गौरव अहिरवार (21) निवासी बाबादीप सिंह नगर वैशाली नगर शामिल हैं। सितंबर में हुई इस कार्रवाई के मामले में पुलिस अब तक दो अपचारी बालकों सहित 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।

पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खुर्सीपार के जोन क्रमांक तीन स्थित जीरो स्ट्रीट में जसबीर कौर के मकान में चिट्टा बेचा जा रहा है। पुलिस ने दबिश देकर जसबीर कौर उर्फ सोनू को पकड़ा था। तलाशी में 70.460 ग्राम चिट्टा, 2.38 लाख रुपये नकद, सोने के 19 आभूषण, चांदी के आभूषण व बर्तन, मोबाइल और इलेक्ट्रानिक तराजू सहित 29.22 लाख रुपये की सामग्री जब्त की गई थी। आरोपियों से पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान की। इसी कड़ी में 24 नवंबर को रबेल और गौरव को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से नकदी, दो मोबाइल और हुंडई आइ 20 कार सहित 10.73 लाख रुपये की सामग्री जब्त की गई। पुलिस के मुताबिक आरोपित स्कूल-कालेज के युवाओं को चिट्टा बेचकर लाभ कमा रहे थे।

मंडला से गिरफ्तार हुआ फरार आरोपी

चिट्टा बिक्री के एक अन्य मामले में सुपेला पुलिस ने फरार आरोपित वैभव सोनी (25) निवासी हाउसिंग बोर्ड जामुल को मध्यप्रदेश के मंडला से गिरफ्तार किया है। मामला 18 जुलाई 2026 का.है। उस दिन पुलिस ने कोसानगर-गांधीनगर क्षेत्र में लाल कार से चिट्टा बेचने की फिराक में घूम रहे मोहम्मद इम्तियात उर्फ सरफराज और मोहम्मद फैजान को पकड़ा था। उनके कब्जे से 8.85 ग्राम चिट्टा, दो मोबाइल और कार जब्त की गई थी। वैभव फरार था। उसे गिरफ्तार कर मंगलवार को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

 

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news