भिलाई : न्यूज़ 36 : सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के ब्लास्ट फर्नेस-6 ने हाट मेटल उत्पादन का नया रिकार्ड बनाया है। फर्नेस ने बीते 22 नवंबर को 3512 टन हाट मेटल का उत्पादन किया, जो उसका अब तक का सर्वश्रेष्ठ दैनिक उत्पादन है। इससे पहले दो जुलाई 2025 को 3502 टन उत्पादन का रिकार्ड बनाया गया था। नए रिकार्ड के साथ फर्नेस ने अपने पुराने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को 10 टन से पीछे छोड़ दिया।
बीएसपी प्रबंधन के अनुसार यह उपलब्धि ब्लास्ट फर्नेस-6 के बेहतर परिचालन प्रदर्शन और कार्मिकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उपलब्धि पर ब्लास्ट फर्नेस बिरादरी ने केक काटकर खुशी मनाई। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (आयरन) मनोज कुमार, मुख्य महाप्रबंधक विवेक वर्मा और मुख्य महाप्रबंधक (एसपी) जगेंद्र कुमार सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और कार्मिक मौजूद रहे।
