दुर्ग : न्यूज़ 36 : पुलगांव पुलिस ने शराब की अवैध बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 30 पौवा देशी सुपर 36 मसाला शराब और बिक्री की रकम सहित कुल 3300 रुपये की सामग्री जब्त की है। जानकारी के मुताबिक 24 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चंदखुरी तालाब पार हनोदा रोड के पास एक युवक अवैध रूप से देशी शराब बेच रहा है। सूचना पर पुलगांव पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान जीतू निर्मलकर (22) निवासी सड़कपारा चंदखुरी के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास रखी अल्ट्राटेक लिखी प्लास्टिक बोरी से 180 एमएल के 30 पौवा देशी शराब बरामद हुई। इसकी कीमत तीन हजार रुपये बताई गई है। वहीं शराब बिक्री के 300 रुपये नकद भी मिले। पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई कर आरोपी जीतू निर्मलकर को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया
