भिलाई : न्यूज़ 36 : वाहन मालिक का भरोसा जीतकर तीन साल तक ड्राइवर का काम करने वाले युवक ने धोखाधड़ी कर चार पहिया वाहन और ढाई लाख रुपये हड़प लिए। शादी में जाने का बहाना बनाकर वाहन लेकर फरार हुए आरोपी को खुर्सीपार पुलिस ने गुजरात के सूरत से गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय के आदेश पर बिश्नोई न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। आरोपी राजेश कुमार बिश्नोई, निवासी कोजा, पुलिस चौकी धोरी मन्ना, जिला बाड़मेर (राजस्थान) का निवासी है। पुलिस के अनुसार, खुर्सीपार निवासी नरेश कुमार माथुर (53) ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि राजेश कुमार बिश्नोई (31) पिछले करीब तीन वर्षों से उनके यहां ड्राइवर के रूप में काम कर रहा था। वह चार पहिया वाहन चलाता था। 29 नवंबर 2024 को आरोपी शादी कार्यक्रम में जाने का बहाना बनाकर वाहन लेकर निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। इसके अलावा आरोपी ने वाहन के रखरखाव और तकनीकी सुधार कराने के नाम पर मालिक से नकद और आनलाइन माध्यम से कुल 2.50 लाख रुपये भी ले लिए। बाद में न तो वाहन लौटाया और न ही रकम वापस की। पुलिस प्रार्थी की शिकायत पर खुर्सीपार पुलिस ने धारा 316 (4), 318(4) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी की तलाश की। उसकी लोकेशन गुजरात के सूरत में मिलने पर पुलिस टीम वहां पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस चार पहिया वाहन और धोखाधड़ी से प्राप्त ढाई लाख रुपये की बरामदगी के संबंध में जांच कर रही है।
