भिलाई : न्यूज़ 36 : साइबर ठगी की रकम का लेन-देन करने के लिए कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, चेकबुक और सिम कार्ड उपलब्ध कराने वाले छह म्यूल खाताधारकों को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर साइबर अपराध और म्यूल बैंक खातों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सुपेला, पदमनाभंपुर, मोहन नगर और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की है। जांच में आरोपियों के बैंक खातों के माध्यम से साइबर ठगी की लाखों रुपये से अधिक की रकम का लेन-देन और हस्तांतरण किए जाने का पता चला है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक थाना सुपेला क्षेत्र से आशीष कुमार साहू (38) निवासी रिसाली इस्पात नगर, नीतेश मसीह (36) निवासी पदुमनगर और धरम राज तिवारी (51) निवासी माडल टाउन सुपेला को पकड़ा गया है। वहीं पदमनाभपुर थाना क्षेत्र के मामले में अमित मिश्रा (32) निवासी जवाहर नगर सुपेला और गिरजा सिन्हा (23) निवासी शक्ति नगर दुर्ग के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। इसी तरह मोहन नगर थाना क्षेत्र के अपराध में ग्राम कादुल थाना अर्जुदा जिला बालोद निवासी रविन्द्र कुमार दिवान (42) को पकड़ा गया है। पुलिस के अनुसार आरोपित आर्थिक लाभ के लालच में अपने बैंक खाते और उनसे जुड़े दस्तावेज एजेंटों के माध्यम से दूसरे लोगों को उपलब्ध कराते थे। इसके बदले उन्हें 5 हजार से 15 हजार रुपये तक कमीशन मिलता था।
