महापौर और सभापति ने दुकानदारों के बीच डस्टबिन का वितरण किया
दुर्ग : न्यूज़ 36 : निगम क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर करने और व्यापारियों में स्वच्छता संदेश देने के लिए इंदिरा मार्केट में 300 जोड़ी डस्टबिन का वितरण किया गया। चार रंगों के डस्टबिन में गीला, सूखा, घर के अपशिष्ट और मेडिकल कचरे को अलग-अलग रखने को कहा गया, ताकि उसे डिकंपोज करने में आसानी हो। इस कड़ी में फूल लाइन से प्रिया श्रृंगार सदन, सदर बाजार, मान होटल लाइन से होते हुए हटरी बाजार तक दुकानों में व्यापारियों को डस्टबिन दिए गए। दुकान से निकलने वाले कचरे के प्रबंधन की समझाइश दी गई।
महापौर अलका बाघमार ने कहा कि प्रत्येक व्यापारी दुकानों से निकलने वाले कचरे को निर्धारित डस्टबिन में ही रखें तथा निगम के सड़क, नाली एवं सार्वजनिक कचरा संग्रहण वाहन को ही दें। स्थानों पर कचरा फेंकने से गंदगी फैलती है और आम लोगों को परेशानी होती है। शहर को स्वच्छ एवं सुंदर रखना निगम की ही नहीं, हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस दौरान कुछ दुकानों के सामने नाली में कचरा फैला दिखा। इस पर महापौर ने नाली में कचरा फेंकने वालों पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर महापौर के साथ सभापति श्याम शर्मा, स्वास्थ्य विभाग प्रभारी नीलेश अग्रवाल, एमआईसी सदस्य ज्ञानेश्वर ताम्रकर, मनीष साहू, महोबिया, मनीष कोठारी, स्वास्थ्य शशि साहू, रंजीता पाटिल, जितेंद्र अधिकारी दुर्गेश गुप्ता, कुणाल आदि उपस्थित थे।
