Wednesday, November 18, 2026

भिलाई विद्यालय, सेक्टर-2 में इको क्लब अंतरशालेय भाषण प्रतियोगिता का आयोजन

भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई इस्पात संयंत्र के शिक्षा विभाग द्वारा वार्षिक शालेय गतिविधियों के अंतर्गत भिलाई विद्यालय, सेक्टर-2 में इको क्लब अंतरशालेय भाषण प्रतियोगिता का आयोजन “कार्बन पदचिह्न से कार्बन तटस्थता की ओर – एक हरित भविष्य का संकल्प” विषय पर किया गया। प्रतियोगिता में बीएसपी के विभिन्न विद्यालयों के माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों ने भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण, कार्बन उत्सर्जन में कमी तथा हरित भविष्य के निर्माण से जुड़े विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रसिद्ध लोक गायिका श्रीमती रजनी रजक एवं  सतीश मिश्रा के निर्देशन में भिलाई विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गान से हुआ।
इस अवसर पर भिलाई विद्यालय, सेक्टर-2 के प्राचार्य  विजय सिंह पवार ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न प्रतियोगिताओं में सहभागिता से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास विकसित होता है तथा उनकी क्षमताओं को निखरने का अवसर मिलता है। उन्होंने विद्यार्थियों को परिणाम की चिंता किए बिना पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
प्रतियोगिता के माध्यमिक वर्ग में इंग्लिश मीडियम मिडिल स्कूल, सेक्टर-6 की वी. पल्लवी ने प्रथम, इंग्लिश मीडियम मिडिल स्कूल, सेक्टर-7 की मृणालिनी पाठक ने द्वितीय तथा इंग्लिश मीडियम मिडिल स्कूल, सेक्टर-9 की अदिति बाजपेई ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। उच्चतर माध्यमिक वर्ग में भिलाई विद्यालय, सेक्टर-2 की मुस्कान ने प्रथम, सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-10 की रोहिणी कुंभकार ने द्वितीय तथा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-7 की मीनाक्षी तिवारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के निर्णायक के रूप में पूर्व वरिष्ठ व्याख्याता श्री ए. आर. सिन्हा एवं पूर्व अतिरिक्त वरिष्ठ व्याख्याता श्रीमती एन. शिवप्पा उपस्थित रहे। ए. आर. सिन्हा ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी के महत्व को बताते हुए इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया। वहीं सुश्री एन. शिवप्पा ने अपने संबोधन में विभिन्न संस्थाओं द्वारा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों एवं गतिविधियों की जानकारी साझा की।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती प्रतिमा ने किया, जबकि श्रीमती सरिता शाक्या ने आभार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में व्याख्याता (भिलाई विद्यालय)  श्रवण कुमार साहू सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का सक्रिय सहयोग रहा।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news