Wednesday, November 18, 2026

संघर्ष से सफलता तक का सफर तय करने वाले 21 व्यापारियों का होगा व्यापारी गौरव अलंकरण से सम्मान

स्वदेशी व्यापारी मंच द्वारा 19 नवम्बर को रायपुर में होगा भव्य आयोजन

भिलाई : न्यूज़ 36 : स्वदेशी व्यापारी मंच द्वारा व्यापारी समाज की उपलब्धियों, संघर्ष और उद्यमशीलता को सम्मानित करने के उद्देश्य से “व्यापारी गौरव अलंकरण” समारोह का आयोजन 19 नवम्बर 2026, गुरुवार को शाम 4 बजे से 6 बजे तक विमतरा ऑडिटोरियम, शांतिनगर, इंद्रावती कॉलोनी, रायपुर में किया जा रहा है।
प्रदेश संयोजक अजय भसीन ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि  दीपक शर्मा एवं प्रदीप (अखिल भारतीय विचार विभाग प्रमुख, स्वदेशी जागरण मंच) होंगे। वहीं विशेष अतिथि के रूप में  राकेश द्विवेदी  (राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री, स्वदेशी व्यापारी मंच) एवं  जगदीश पटेल जी (छत्तीसगढ़ प्रांत संयोजक, स्वदेशी जागरण मंच) उपस्थित रहेंगे।
भसीन  ने जानकारी दी कि इस समारोह में ऐसे 21 व्यापारियों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने अपने व्यापारिक जीवन में अनेक संघर्षों और चुनौतियों का सामना करते हुए सफलता का मुकाम हासिल किया है तथा अपने कार्यों से व्यापार जगत में विशिष्ट पहचान बनाई है।
स्वदेशी व्यापारी मंच के सहसंयोजक व भिलाई चेम्बर अध्यक्ष गारगी शंकर मिश्र ने बताया कि आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। कार्यक्रम में भिलाई से मनोहर कृष्णानी के नेतृत्व में 50 से अधिक पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल होंगे।
महिला चेम्बर प्रभारी सरोजनी पाणिग्रही के नेतृत्व में महिला चेम्बर की टीम की महिलाएं भी इस आयोजन में सहभागिता करेंगी।
स्वदेशी व्यापारी मंच के संयोजक अजय भसीन ने इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बताया कि यह आयोजन व्यापारियों के संघर्ष, परिश्रम, नवाचार और सफलता को सम्मान देना है। साथ ही नई पीढ़ी को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के लिए प्रेरित करना, व्यापारियों के बीच आपसी सहयोग और संगठनात्मक एकता को मजबूत करना तथा स्वदेशी उत्पादों, स्थानीय व्यापार और आत्मनिर्भर भारत की भावना को प्रोत्साहित करना है।
स्वदेशी व्यापारी मंच के सह संयोजक गारगी शंकर मिश्र व हितेश रायचुरा का मानना है कि व्यापारी केवल आर्थिक गतिविधियों का हिस्सा नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था और रोजगार सृजन की मजबूत आधारशिला हैं। ऐसे सफल व्यापारियों का सम्मान समाज में सकारात्मक प्रेरणा का संचार करेगा और आने वाली पीढ़ी को अपने सपनों को साकार करने का मार्ग दिखाएगा।
यह आयोजन व्यापारिक उपलब्धियों के सम्मान के साथ-साथ स्वदेशी विचार, आत्मनिर्भरता और संगठित व्यापारी शक्ति को नई दिशा देने का एक महत्वपूर्ण प्रयास होगा।
प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से सूचना शंकर सचदेव ने दी।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news