Sunday, November 8, 2026

ढाबे के पीछे युवक को ले जाकर पीटा, चाकू दिखाकर 8,500 और मोबाइल लूटा, तीन आरोपी गिरफ्तार

बातचीत के बहाने सुनसान जगह ले जाकर चार बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम

 पुलगांव नदी के पास घेराबंदी कर पुलिस ने पकड़ा

एक अपचारी बालक भी हिरासत में

दुर्ग : न्यूज़ 36 : पुलगांव थाना क्षेत्र में ढाबे में काम करने वाले एक युवक के साथ मारपीट कर लूटपाट करने का मामला सामने आया है। चार लोगों ने युवक को बातचीत के बहाने ढाबे के पीछे सुनसान जगह पर बुलाया और वहां उसके साथ हाथ-मुक्कों एवं डंडे से जमकर मारपीट की। इस दौरान एक आरोपी ने धारदार हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और युवक की जेब से 8,500 नकद व करीब 10 हजार कीमत का मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलगांव पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, एक अपचारी बालक को संबंधित न्यायालय में पेश किया गया है।

बातचीत के बहाने ढाबे के पीछे ले गए, फिर की मारपीट

पुलिस के मुताबिक, घटना 7 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे की है। राजनांदगांव जिले के सोमनी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम इंदावानी निवासी 19 वर्षीय चुनेंद्र साहू उर्फ बंटी एक ढाबे में काम कर रहा था। इसी दौरान आरोपी अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे और बातचीत करने के बहाने उसे ढाबे के पीछे ले गए। वहां आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उससे पैसों की मांग की। युवक ने जब इसका विरोध किया तो सभी ने मिलकर हाथ-मुक्कों और डंडे से उसकी पिटाई शुरू कर दी। इसी बीच एक आरोपी ने धारदार हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उसकी जेब में रखे 8,500 नकद तथा मोबाइल फोन लूट लिया।

पुलगांव नदी के पास घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी

घटना के बाद पीड़ित ने थाना पुलगांव पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने धारा 309(6) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने तत्काल पतासाजी करते हुए पुलगांव नदी के पास घेराबंदी की और तीन आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ एवं विवेचना के आधार पर तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया, जबकि एक अपचारी बालक को संबंधित न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद कर जब्त किया है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम :

1. रोशन विश्वकर्मा (24 वर्ष) – गायत्री मंदिर के पीछे, पुलगांव।
2. संजय तिवारी (25 वर्ष) – शीतला पारा, पुलगांव।
3. सोमेश्वर साहू (25 वर्ष) – बजरंग चौक, पुलगांव।

तीनों आरोपी थाना पुलगांव क्षेत्र के निवासी हैं।

ढाबे में काम करने वाले युवक को निशाना बनाकर की गई इस वारदात में पुलिस की त्वरित कार्रवाई से तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news