भिलाई : न्यूज़ 36 : खुर्सीपार के ट्रांसपोर्ट नगर में रेड्डी अन्ना 108 ऑनलाइन सट्टा एप्लीकेशन के जरिए सट्टा संचालित कर रहे चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 2 लैपटॉप, 17 मोबाइल फोन, 15 एटीएम कार्ड और 90 हजार रुपए नकद सहित अन्य सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस को 7 नवंबर को सूचना मिली थी कि ट्रांसपोर्ट नगर स्थित गुरुदयाल सिंह के यार्ड में टाटा सर्विस सेंटर के पास एक कमरे में लैपटॉप और मोबाइल के जरिए ऑनलाइन सट्टा चलाया जा रहा है। इस पर खुर्सीपार पुलिस ने घेराबंदी कर रेड की और चार लोगों को पकड़ा। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि आरोपी सट्टे की रकम के लेन-देन के लिए अलग-अलग लोगों के बैंक खातों और एटीएम कार्ड का इस्तेमाल करते थे। इसके बदले खाताधारकों को कमीशन या निर्धारित राशि दिए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, बैंक खातों और वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों में अमित तिवारी (21), विकास साहू (24), शुभम पाल. (21) और यशमीत सिंह (19), सभी निवासी खुर्सीपार शामिल है।
