Monday, November 2, 2026

बाइक सवार झपटमारों का आतंक, दो महिलाओं के पर्स लूटकर फरार

दो अलग-अलग घटनाओं में मोबाइल, सोने की चूड़ियां, नकदी और जरूरी दस्तावेज पार, बिना नंबर प्लेट की बाइक से वारदात

भिलाई : न्यूज़ 36 : खुर्सीपार थाना क्षेत्र में बाइक सवार अज्ञात झपटमारों ने दो अलग-अलग घटनाओं में चलती स्कूटी से महिलाओं के पर्स झपटकर फरार हो गए। दोनों वारदातों में आरोपियों ने बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल का इस्तेमाल किया और चेहरा स्कार्फ से ढक रखा था। घटनाओं के बाद खुर्सीपार पुलिस ने दोनों मामलों में अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरु कर दी है।

पहली घटना :  खुर्सीपार चौक के पास महिला का पर्स छीना

पहली घटना 1 नवंबर 2026 की सुबह करीब 10 बजे की है। सेक्टर-5 भिलाई निवासी 42 वर्षीय प्रतिभा मुखर्जी अपने ईवी स्कूटर से रायपुर स्थित ड्यूटी पर जा रही थीं। वह खुर्सीपार चौक के पास तुलसी ट्रेडर्स के सामने पहुंची थीं, तभी पीछे से आए बाइक सवार अज्ञात युवक ने उनके स्कूटर के सामने लटक रहे पर्स को झपट लिया और तेज रफ्तार से फरार हो गया।

पीड़िता के मुताबिक आरोपी ने सफेद शर्ट पहन रखी थी और चेहरे पर स्कार्फ बांधा हुआ था। पर्स में दो मोबाइल फोन, तीन सोने की चूड़ियां, एक जोड़ी चांदी की बिछिया, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, एटीएम कार्ड और 10 हजार रुपये नकद रखे थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है।

दूसरी घटना : डबरापारा ब्रिज पर स्कूटी सवार महिला को बनाया निशाना

दूसरी घटना 30 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 12:40 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर डबरापारा खुर्सीपार ब्रिज के ऊपर हुई। ग्राम नंदौरी निवासी 30 वर्षीय विंध्या वर्मा अपनी स्कूटी एक्सेस क्रमांक CG07 BK 2642 से दुर्ग जिला अस्पताल जा रही थीं।

इसी दौरान पीछे से आए बाइक सवार ने उनकी स्कूटी को ओवरटेक किया और पायदान पर लटक रहे क्रीम रंग के पर्स को झपटकर यू-टर्न लेते हुए भिलाई-3 की ओर भाग गया। आरोपी ने लाल स्कार्फ से चेहरा ढका हुआ था और सफेद फुल बांह की शर्ट पहनी थी।
बाइक काले रंग की थी तथा उस पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी।

पर्स में ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड, भाई के नाम की स्कूटी की आरसी बुक, पांच हजार रुपये नकद और मां के इलाज से संबंधित जिला अस्पताल का पर्चा रखा था।

दोनों मामलों में अपराध दर्ज, पुलिस जांच में जुटी

दोनों पीड़िताओं की शिकायत पर खुर्सीपार पुलिस ने अपराध क्रमांक 0497/26 और 0498/26 के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 304(2) बीएनएस में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।

लगातार दो घटनाओं में बिना नंबर प्लेट वाली बाइक और चेहरे पर स्कार्फ का इस्तेमाल किए जाने से पुलिस आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news