नियुक्तियों की जांच से पहले महत्वपूर्ण दस्तावेज खंगाले जाने की आशंका
महापौर ने निगम कर्मचारी की संलिप्तता की जताई आशंका
दुर्ग : न्यूज़ 36 : नगर पालिक निगम दुर्ग की स्थापना शाखा में संदिग्ध तरीके से प्रवेश कर महत्वपूर्ण दस्तावेजों और फाइलों को खंगालने का मामला सामने आया है। सोमवार सुबह निगम कार्यालय खुलने पर स्थापना शाखा का दरवाजा और आलमारियां खुली मिलीं। अंदर रखी फाइलें अस्त-व्यस्त थीं। इससे महत्वपूर्ण दस्तावेजों की चोरी और उनमें छेड़छाड़ किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, अज्ञात व्यक्ति सबसे पहले निगम के मुख्य दरवाजे से अंदर दाखिल हुआ। बताया जा रहा है कि मुख्य दरवाजे पर ताला नहीं लगा था। इसके बाद स्थापना शाखा के सामने रखी आलमारी खोलकर उसमें रखी फाइलों को इधर-उधर किया गया। फिर स्थापना शाखा के दरवाजे को धकेलकर अंदर प्रवेश किया गया और वहां रखी अलग-अलग आलमारियों को खंगाला गया। सोमवार सुबह कर्मचारियों ने जब यह स्थिति देखी तो निगम में हड़कंप मच गया।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं निगम के जिम्मेदार कर्मचारी इस बात की जांच में जुटे हैं कि कौन-कौन सी फाइलें गायब हैं और किन दस्तावेजों के साथ छेड़छाड़ की गई है। घटना के बाद निगम की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि कार्यालय में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं, जिसके कारण रात में हुई इस गतिविधि की जानकारी जुटाना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
इस पूरे मामले में महापौर ने कर्मचारियों की नियुक्तियों से संबंधित जांच का उल्लेख करते हुए निगम के ही किसी कर्मचारी की संलिप्तता की आशंका जताई है। उनका कहना है कि कर्मचारियों की नियुक्तियों को लेकर जांच की जानी थी और उससे पहले इस तरह की घटना सामने आना संदेह पैदा करता है। हालांकि, घटना के पीछे किसका हाथ है और वास्तव में किन फाइलों को नुकसान पहुंचा है या चोरी किया गया है, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि निगम की स्थापना शाखा में रात के समय कौन दाखिल हुआ और क्या वहां रखे महत्वपूर्ण दस्तावेजों के साथ किसी उद्देश्य से छेड़छाड़ की गई है?
