पुरानी भिलाई, छावनी, जामुल, नेवई और बोरी थाना क्षेत्रों में कार्रवाई; तकनीकी जांच के जरिए आरोपियों तक पहुंची पुलिस
भिलाई : न्यूज़ 36 : राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) की साइबर टिपलाइन से प्राप्त सूचना के आधार पर दुर्ग पुलिस ने बाल यौन शोषण से संबंधित अश्लील सामग्री के ऑनलाइन आदान-प्रदान एवं अपलोड करने के मामलों में बड़ी कार्रवाई की है।
साइबर सेल दुर्ग और संबंधित थानों की संयुक्त टीम ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के विरुद्ध सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67(B) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दुर्ग शहर शोभराज अग्रवाल ने बताया कि साइबर टिपलाइन के माध्यम से सूचना मिली थी कि जिले के कुछ क्षेत्रों में इंटरनेट एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का उपयोग कर बच्चों से संबंधित अश्लील एवं यौन शोषण सामग्री का ऑनलाइन आदान-प्रदान और अपलोड किया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल दुर्ग एवं संबंधित थानों की संयुक्त टीम ने तकनीकी जांच शुरु की।
जांच के दौरान पुलिस ने IP एड्रेस, मोबाइल नंबर और सोशल मीडिया अकाउंट का तकनीकी विश्लेषण किया। डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर विभिन्न थाना क्षेत्रों में दबिश दी गई, जहां से कुल 6
आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पांच थाना क्षेत्रों में 6 अपराध दर्ज
पुलिस ने थाना पुरानी भिलाई, छावनी, जामुल, नेवई एवं बोरी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए कुल 6 अपराध पंजीबद्ध किए हैं।
थाना पुरानी भिलाई: अपराध क्रमांक 630/2026
थाना छावनीः अपराध क्रमांक 759/2026
थाना जामुलः अपराध क्रमांक 835/2026 एवं 836/2026
थाना नेवई: अपराध क्रमांक 741/2026
थाना बोरी: अपराध क्रमांक 97/2026
सभी मामलों में सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67(B) के तहत कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में दो नाबालिग भी शामिल दुर्ग पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में पोषण लाल देवांगन निवासी रामनगर, सुपेला; दिनेश प्रजापति, 20 वर्ष, निवासी बासिन, करंजा; उमेश कुमार साहू, 43 वर्ष, निवासी भाठापारा, कुरूद, थाना जामुल; मुकेश विश्वकर्मा, 23 वर्ष, निवासी ग्राम ठौर, जामुल; तथा प्रकाश दास, 26 वर्ष, निवासी बीआरपी कॉलोनी, स्टेशन मरोदा शामिल हैं। इनके अलावा दो नाबालिगों को भी मामले में पकड़ा गया है।
बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों एवं अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों से संबंधित अश्लील अथवा यौन शोषण सामग्री बनाना, डाउनलोड करना, साझा करना, अपलोड करना या डिजिटल उपकरणों में संग्रहित करना गंभीर अपराध है।
पुलिस ने अभिभावकों से बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों के प्रति जागरुक रहने और इंटरनेट एवं सोशल मीडिया के उपयोग पर उचित निगरानी रखने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध साइबर गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल https://cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की सुरक्षा एवं साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए तकनीकी जांच के आधार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है और ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
